उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. प्रताप सिंह ने 8 मार्च 2026 को राजस्थान कृषि महाविद्यालय, उदयपुर स्थित स्वामी विवेकानन्द पीजी छात्रावास का अचानक निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य छात्रावास प्रबंधक डॉ. हरी सिंह ने उनका स्वागत किया। साथ ही पीजी छात्रावास प्रबंधक डॉ. विनोद साहरन एवं डॉ. अभय दशोरा भी उपस्थित रहे। दौरे के दौरान कुलगुरु ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर, कमरों, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है और इसके लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम शीघ्र उठाए जाएं। इस अवसर पर मुख्य छात्रावास प्रबंधक डॉ. हरी सिंह, छात्रावास प्रबंधक डॉ. विनोद साहरन एवं डॉ. अभय दशोरा ने कुलगुरु को छात्रावास की वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा छात्रों के हित में किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया।
कुलगुरु प्रो. डॉ. प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि छात्रों के समग्र विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखने, स्वच्छता का ध्यान रखने तथा शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के पश्चात कुलगुरु प्रो. डॉ. प्रताप सिंह ने छात्रावास में विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन भी किया तथा उनसे अनौपचारिक बातचीत कर उनके अनुभव और सुझाव सुने। इससे छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अभय दशोरा ने कुलगुरु प्रो. डॉ. प्रताप सिंह का छात्रावास पधारने एवं छात्रों की समस्याओं को सुनने के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कुलगुरु के इस निरीक्षण से विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया तथा उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा समय-समय पर की जा रही ऐसी पहलों की सराहना की।