जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने अपनी सतर्कता और तत्परता का परिचय देते हुएए ट्रेन संख्या 12476 (श्री माता वैष्णोदेवी कटरा-हापा) में अवैध रूप से टिकट चेकिंग कर रहे एक फर्जी टीटीई को पकड़कर रेलवे पुलिस के हवाले किया है।
घटना पर विस्तार पूर्वक बात करें तो जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक श्री राघवेंद्र सिंह की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार यह घटना 23 फरवरी सोमवार को जम्मू से कठुआ के बीच नियमित टिकट चेकिंग के दौरान हुई। जम्मू स्टेशन के टिकट चेकिंग स्टाफ श्री शेखर कुमार जब ट्रेन संख्या 12476 में जांच कर रहे थे, तब उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को टिकट चेक करते हुए देखा, जो कि टिकट चेकिंग के पूर्ण गणवेश में था। श्री शेखर कुमार ने संदिग्ध टिकट चेकिंग स्टाफ से पुछताछ की मगर वह व्यक्ति संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका और जांच के दौरान उसका आधिकारिक पहचान पत्र भी फर्जी पाया गया। आगे कि कार्यवाही करते हुएए टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा फर्जी टिकट चेकर को कठुआ जीआरपी को सुपुर्द किया। जीआरपी ने मामला दर्ज कर आरोपी के पास से बरामद फर्जी दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री उचित सिंघल ने स्टाफ की इस सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ यात्रा करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा टिकट चेक किए जाने या जुर्माने की मांग करने पर तुरंत आधिकारिक स्टाफ या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचित करें। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और पारदर्शी यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।