जयपुर। देशभर में प्रसिद्ध खाटू श्याम जी के मेले की तैयारियों को लेकर रेलवे ने भी कमर कस रखी है।इस सम्बन्ध में उत्तर पश्चिम रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक श्री रवि जैन ने अधिकारियों की टीम के साथ रिंग्स रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को जांचा और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
गौरतलब है कि खाटूश्याम जी में आयोजित वार्षिक मेले के अवसर पर यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के अतिरिक्त यात्री भार को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। होली पर्व पर उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 23 स्पेशल ट्रेनों के 113 ट्रिप संचालन तथा 24 स्पेशल ट्रेनों के 114 ट्रिप संचालन की अवधि में विस्तार की अधिसूचना जारी की गई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवे द्वारा विभिन्न मार्गों पर यात्री भार की समीक्षा कर यात्रियों को सुगम रेल यात्रा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। होली के त्यौहार एवं खाटूश्याम जी मेले की अवधि के दौरान यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो इसके लिए विशेष अभियान चलाये जा रहे हैं। इस दौरान ट्रेनों और स्टेशनों पर सुरक्षा, स्वच्छता तथा अनाधिकृत यात्रा रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान की जा सके। इन अभियानों के लिए मुख्यालय स्तर और मण्डल स्तर पर टीम का गठन किया गया है जो नियमित रूप से स्टेशनों और ट्रेनों का निरीक्षण करेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। त्यौहारों के अवसर पर अक्सर देखा जाता है कि यात्री प्रतिबंधित पदार्थ जैसे पटाखे, पेट्रोलियम पदार्थ, गैस सिलेण्डर, केरोसिन, सूखी झाडिया, नशीले पदार्थ इत्यादि लेकर सफर करते है जोकि रेल यात्रा के दौरान प्रतिबंधित है और यह यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करता है।