GMCH STORIES

मुख्यमंत्री का हावड़ा में प्रवासी राजस्थानियों ने किया अभिनंदन

( Read 562 Times)

18 Apr 26
Share |
Print This Page

कोलकाता/जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का शनिवार को पश्चिम बंगाल के हावड़ा में प्रवासी राजस्थानियों की ओर से अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि पश्चिम बंगाल में राजस्थान की तरह सुशासन चाहिए तो भ्रष्टाचार, कटमनी और तुष्टिकरण वाली वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकना होगा। इसके लिए प्रवासी राजस्थानियों को अपनी पूरी ताकत के साथ भाजपा को जिताना होगा।

*नारी शक्ति जरूर लेगी अपने अपमान का बदला*
मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन पर कहा कि आजादी के 70 साल बाद स्थितियां काफी बदल गई हैं, ऐसे में महिलाओं को उनका पूरा अधिकार मिलना चाहिए। 70 सालों में कांग्रेस ने नारी शक्ति को आगे बढ़ाने के लिए कुछ नहीं किया, वहीं प्रधानमंत्री द्वारा जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना जैसे नवाचारों से महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया गया है। इसी क्रम में महिलाओं की सहभागिता संसद और विधानसभाओं में बढ़ाने के नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए जरूरी संविधान संशोधन बिल लाया गया, लेकिन कांग्रेस, टीएमसी एवं समर्थित दलों की ओछी राजनीति के कारण यह पारित नहीं हो पाया। ऐसे में महिलाओं को उनके अपमान की बात और विपक्ष की मानसिकता को घर-घर पहुंचाना होगा। क्योंकि नारी शक्ति को लेकर विपक्ष की पुरानी सोच कायम है और यही नारी शक्ति आने वाले समय में जवाब जरूर देगी।

उन्होंने मशहूर कहावत ‘जहां ना पहुंचे रेलगाड़ी, वहां पहुंचे बैलगाड़ी और जहां ना पहुंचे बैलगाड़ी, वहां पहुंचे मारवाड़ी’ का जिक्र करते हुए कहा कि प्रवासी राजस्थानी चाहे कहीं भी रहे, राजस्थानी की संस्कृति कभी भी नहीं भूलता है। खास तौर पर सामाजिक सरोकारों में राजस्थानियों की भूमिका अग्रणी होती है और वे शिक्षा, चिकित्सा जैसे सेवा क्षेत्रों में अपना सहयोग बढ़-चढ़कर देते हैं। यही कारण है कि राजस्थानियों ने अपनी मिट्टी की खुशबू को पूरे विश्व में फैलाया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से सवा दो साल के अंदर देश में 26 और विदेश में 14 चैप्टर खोले हैं। मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों का आह्वान करते हुए कहा कि राजस्थान में भी उद्योग लगाएं, ताकि अपनी मातृभूमि में आना-जाना लगा रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन ‘विकास भी एवं विरासत भी’ के अनुसार राज्य सरकार द्वारा शेखावाटी की विश्व प्रसिद्ध हवेलियों के संरक्षण का कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल समिट के जरिए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौते जैसे कार्यों से अब राजस्थान में जल समस्या का निराकरण होने जा रहा है। इसके साथ ही 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। वहीं, 2027 में सभी जिलों में किसानों को दिन में बिजली मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान पेपरलीक से युवाओं का भविष्य अधर में रहा, जबकि भाजपा सरकार में 350 से ज्यादा परीक्षाएं बिना पेपरलीक हुए संपन्न हो चुकी है। डबल इंजन की सरकार में सवा दो साल में जब राजस्थान में इतना काम हो सकता है, तो बंगाल में क्यों नहीं हो सकता। ऐसे में बंगाल में राजस्थान की तरह डबल इंजन की सरकार को लाना होगा।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like