सप्त शक्ति आशा स्कूल के बच्चों ने अपने विशेष कौशल, क्षमताओं और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए वार्षिक दिवस को बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर श्रीमती बरिंदर जीत कौर, क्षेत्रीय अध्यक्ष आवा, सप्त शक्ति कमान, श्रीमती राजलक्ष्मी शेखावत, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आवा तथा श्रीमती अनिला कोठारी, ट्रस्टी, भगवान महावीर जैन कैंसर अस्पताल जैसे सामाजिक सेवा के क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वार्षिक रिपोर्ट में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के समग्र विकास हेतु किए गए प्रयासों को दर्शाया गया तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। विद्यार्थियों ने स्पेशल ओलंपिक्स भारत, नेशनल चैंपियनशिप एवं स्पेशल ओलंपिक्स भारत स्टेट सिलेक्शन कैंप जैसे राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 21 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। ये उपलब्धियां विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ के कठिन परिश्रम के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं जैसे ऑडियोमेट्री लैब, हाइड्रोथेरेपी पूल आदि की उपलब्धता का परिणाम हैं, जो बच्चों की इंद्रिय एवं मोटर कौशल के विकास में सहायक हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों की बहुप्रतीक्षित प्रस्तुतियाँ रहीं, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों द्वारा प्रदर्शित आत्मविश्वास एवं सटीकता विशेष प्रशंसा के पात्र रहे। सप्त शक्ति आशा स्कूल एक प्रतिष्ठित संस्थान के रूप में स्थापित है, जो सैन्य एवं नागरिक पृष्ठभूमि से आने वाले विशेष रूप से सक्षम बच्चों को सशक्त बनाने हेतु समर्पित है। यह संस्थान उन्हें एक स्नेहपूर्ण वातावरण, विशेष प्रशिक्षण एवं निरंतर सहयोग प्रदान कर उनके संपूर्ण विकास में सदैव सहायक रहा है। कार्यक्रम में प्रदर्शित देखभाल एवं दक्षता का समन्वय विद्यालय के समर्पित प्रयासों का प्रमाण था। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष आवा ने बच्चों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों एवं प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया।
अपने संबोधन में श्रीमती बरिंदर जीत कौर, क्षेत्रीय अध्यक्ष आवा ने विशेष रूप से सक्षम बच्चों के सामाजिक समावेशन के प्रति सप्त शक्ति कमान के दृढ़ संकल्प को दोहराया। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ के धैर्य और समर्पण की सराहना की तथा अभिभावकों से आग्रह किया कि वे एक “टीम के रूप में कार्य करते हुए इन बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान दें।