GMCH STORIES

जदयू सामाजिक न्याय के सपनों को जमीनी स्तर पर साकार करने के लिए प्रतिबद्ध : श्रवण कुमार

( Read 1118 Times)

30 Apr 26
Share |
Print This Page

जदयू सामाजिक न्याय के सपनों को जमीनी स्तर पर साकार करने के लिए प्रतिबद्ध : श्रवण कुमार

सामाजिक न्याय और समतामूलक समाज के निर्माण के संकल्प के साथ पटना में भव्य तरीके से मनाया गया डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती

पटना : भारतीय संविधान के शिल्पकार, शोषितों एवं वंचितों की आवाज़ और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के पुनीत अवसर पर आज पटना के बेली रोड स्थित अभिलेखागार भवन हॉल (BPSC ऑफिस के समीप ) में एक विशाल एवं गरिमामयी समारोह का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रदेश के कई दिग्गज राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का आयोजन मो० अकबर अली - प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट, जद (यू०) महेश दास - प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट, जद (यू०) द्वारा किया गया था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जनता दल (यूनाइटेड) विधायक दल के नेता माननीय श्री श्रवण कुमार जी ने शिरकत की। अपने सारगर्भित एवं ओजस्वी संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का पूरा जीवन संघर्षों और सफलताओं की एक अनूठी मिसाल है। श्री श्रवण कुमार जी ने जोर देते हुए कहा कि हमारी सरकार और पार्टी बाबा साहेब के 'सामाजिक न्याय' के सपनों को जमीनी स्तर पर साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रौशनी पहुँचाना ही बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि है।

समारोह के विशिष्ट अतिथि, अल करीम यूनिवर्सिटी के चांसलर और पूर्व राज्यसभा सांसद माननीय एमडी अशफाक करीम साहब ने शिक्षा और सामाजिक एकता को सशक्तिकरण का सबसे बड़ा हथियार बताया। उन्होंने कहा, "बाबा साहेब ने 'शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो का जो मूलमंत्र दिया था, वह आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक है। समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर शिक्षा और प्रगति के पथ पर आगे आना होगा । " इस गरिमामयी अवसर पर अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार साझा किए।

जनता दल (यूनाइटेड) के महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्री चंदन कुमार सिंह जी, अति पिछड़ा वर्ग के लिए आयोग के अध्यक्ष श्री नवीन आर्या जी,जदयू दिल्ली प्रदेश में महासचिव सर्वेश कश्यप, और जद (यू) के पूर्व युवा अध्यक्ष श्री संतोष कुशवाहा जी ने सर्वसमाज की प्रगति, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता पर बल दिया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि देश का संविधान ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसकी रक्षा करना हम सब का परम कर्तव्य है।

इस पूरे कार्यक्रम का शानदार, व्यवस्थित एवं ऊर्जावान मंच संचालन जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट मो० अकबर अली द्वारा किया गया। उन्होंने अपनी बातों से कार्यक्रम में निरंतर उत्साह बनाए रखा और बाबा साहेब के विचारों को बहुत ही प्रभावशाली ढंग से श्रोताओं के समक्ष रखा।

समारोह के अंत में, जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट महेश दास ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया । उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी माननीय अतिथियों, वक्ताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों और पटना के प्रबुद्ध नागरिकों का इस भव्य आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like