श्रीगंगानगर। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा राज्य सरकार की पंच गौरव योजना के तहत टांटिया यूनिवर्सिटी में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। राज्य सरकार की एक जिला एक उत्पाद नीति के तहत श्रीगंगानगर जिले से पंच गौरव में सरसों तेल, किन्नू, शीशम, खेलों में एथलेटिक्स और पर्यटन स्थल में गुरुद्वारा बुड्ढाजोहड को शामिल किया गया है।
उपायुक्त श्री दिनेश राजपुरोहित ने बताया कि राज्य सरकार की योजना के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उद्यान विभाग की उपनिदेशक प्रीति बाला गर्ग ने नया बाग लगाने के लिए सरकार की ओर से दिए जाने वाले अनुदान, ग्रीन हाउस, पॉली हाउस, शेडनेट हाउस के बारे में भी बताया। जिला उद्योग अधिकारी श्री भागीरथ ने कहा कि श्रीगंगानगर जिला सरसों उत्पादन में अग्रणी है व इसकी गुणवत्ता भी अच्छी है।
कृषि संकाय के डीन डॉ.यूएस शेखावत ने कहा कि राजस्थान ही नहीं देश के अन्य हिस्सों में श्रीगंगानगर के सरसों तेल की गुणवत्ता को महत्वपूर्ण माना जाता है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में इस तेल को विशेष रूप से इस्तेमाल किया जाता है।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के उपायुक्त श्री दिनेश राजपुरोहित ने एक उत्पाद एक नीति के बारे में बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा युवा प्रोत्साहन योजना, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाले ऋण, अनुदान सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत उद्यानिकी विभाग की उपनिदेशक श्रीमती प्रीति बाला गर्ग, श्री राजपुरोहित, रीको के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री एमसी मीणा, वन विभाग के श्री मदन शर्मा, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के श्री अनुपम सिंहमार, श्री शुभम जैन, डीन डॉ. शेखावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इन लोगों ने जागरुकता तख्तियों, फोल्डर व जूट से तैयार बैग का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में टांटिया समूह की यूथ को-ऑपरेटिव सोसायटी के प्रभारी श्री विशालसिंह वर्मा, टांटिया यूनिवर्सिटी के एमएसएमई एंड ओडीओपी एक्सीलेंस सेंटर के प्रभारी श्री विपुल वधवा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे। अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन जिला उद्योग अधिकारी श्री भागीरथ ने किया।
गोभी के गुलदस्ते रहे आकर्षण का केंद्र
आम तौर पर आयोजनों में फलों के गुलदस्ते देने की व्यवस्था रहती है, लेकिन इस कार्यशाला में टांटिया यूनिवर्सिटी के कृषि फार्म में तैयार गोभी के गुलदस्ते आकर्षण का केंद रहे। इन्हें अतिथियों को भेंट किया गया।