श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरीशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महियांवाली में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने कहा कि नशा करने से पहले एक बार अपनी मां का चेहरा याद कर लेना, तुम्हें खुद ही जवाब मिल जाएगा कि क्या करना है। उन्होंने कहा कि जब आप अपने मां-बाप को अपने कर्मों से खुश करते हैं, तभी असली जीत होती है। इस दौरान साइबर सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के लिए युवाओं को जागरूक किया गया। भारत सरकार की ओर से जारी मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी देते हुए बताया कि कैसे आप इससे मदद ले सकते हैं और शिकायत कर सकते हैं।
प्रिंसिपल श्रीमती पूनम बंसल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनका सही मार्ग पर चलना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। नशा न केवल एक व्यक्ति को बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली और संकल्प किया कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करेंगे।