उदयपुर। होली मिलन समारोह केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि समाज की आंतरिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आपसी सौहार्द, भाईचारे व सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों से समाजजनों के बीच संवाद बढ़ता है और नई पीढ़ी को सामाजिक परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
यह विचार श्री माहेश्वरी पंचायत सेवा समिति, धानमंडी के अध्यक्ष जमनेश धुप्पड़ ने माहेश्वरी सेवा सदन, तीज का चौक में आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में व्यक्त किए। अध्यक्ष जमनेश धुप्पड़ ने अपने संबोधन में वर्तमान समय में विवाह समारोहों में बढ़ते अत्यधिक खर्च पर चिंता व्यक्त करते हुए समाजजनों से सादगी और सामाजिक संतुलन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सभी समाजजनों का आभार भी व्यक्त किया।
माहेश्वरी पंचायत धानमंडी द्वारा आयोजित यह समारोह हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें माहेश्वरी समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी समाजजनों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी स्नेह और भाईचारे का संदेश दिया। समारोह में स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया, जहां उपस्थित समाजजनों ने बड़ी स्क्रीन पर भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच का आनंद भी लिया।
माहेश्वरी पंचायत के सचिव डॉ. बसन्ती लाल बाहेती ने बताया कि पंचायत द्वारा प्रतिवर्ष होली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया जाता है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी रहती है। उन्होंने समाजजनों से आगे भी सामाजिक कार्यक्रमों में उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ सहयोग देने की अपेक्षा व्यक्त की। साथ ही युवाओं को न्यायिक एवं प्रशासनिक सेवाओं सहित उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ध्यान केंद्रित कर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला पदाधिकारियों अनिता मूंदड़ा, सुमन सोनी, राजकुमारी धुप्पड़, सुशीला लड्ढा, नम्रता तोषनीवाल, सुनीता मण्डोवरा तथा राजेश तोषनीवाल, प्रकाश चेचानी, विनोद चेचानी, राम नारायण मूंदड़ा, नारायण लाल असावा, राधेश्याम तोषनीवाल, राजेन्द्र मूंदड़ा, दिनेश चेचानी, गणेश मूंदड़ा, श्याम सुंदर तोषनीवाल, दिनेश चंद्र मूंदड़ा, सुरेश तोषनीवाल, पंकज तोषनीवाल, मांगीलाल मंत्री, प्रदीप मूंदड़ा और धीरज धुप्पड़ सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। अंत में सभी समाजजनों ने एक-दूसरे को होली की बधाई देते हुए समाज की उन्नति, एकता और समृद्धि की मंगलकामनाएं कीं।