GMCH STORIES

स्वच्छता संकल्प के साथ राजस्थान दिवस सप्ताह का आगाज

( Read 484 Times)

14 Mar 26
Share |
Print This Page
स्वच्छता संकल्प के साथ राजस्थान दिवस सप्ताह का आगाज

उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर 14 से 19 मार्च तक प्रदेश भर में राजस्थान दिवस सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को शहर सहित जिले भर में स्वच्छता संकल्प के साथ कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन एवं नगर निगम के तत्वावधान में शनिवार को सुखाड़िया सर्कल पार्क तथा पास ही स्थित सुखाड़िया प्रतिमा पार्क में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

सुखाड़िया सर्कल स्थित चौपाटी के शेड में शनिवार सुबह जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। इसमें शहर विधायक ताराचंद जैन, जिला कलेक्टर नमित मेहता, नगर निगम आयुक्त अभिषेक शर्मा, एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, समाजसेवी गजपालसिंह बतौर अतिथि उपस्थित रहे। प्रारंभ में नगर निगम आयुक्त श्री शर्मा ने स्वच्छता संकल्प सप्ताह के बारे में जानकारी दी। शहर विधायक श्री जैन ने कहा कि राजस्थान दिवस सप्ताह केवल उत्सव नहीं बल्कि प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं और जिम्मेदार नागरिकता के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। जिला कलेक्टर श्री मेहता ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली जनआंदोलन की भावना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि उदयपुर को स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में पहचान मिल सके। इस दौरान विधायक एवं अधिकारियों ने स्वच्छता की शपथ दिलाई।

सर्कल और पार्क में की सफाई
मंचीय कार्यक्रम के बाद सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने सुखाड़िया सर्कल तथा सामने स्थित मूर्ति पार्क परिसर में श्रमदान कर सफाई कार्य किया। जिला कलक्टर ने हाथ में झाडू थाम कर सर्कल और पार्क में सफाई की तथा कचरे को टापले में भरा। उन्होंने पार्क में इधर-उधर बिखरी पड़ी पॉलीथिन और पन्नियों को भी एकत्र कर कचरा पात्र में डाला। इस दोनों एडीएम, निगम आयुक्त, उपायुक्त दिनेश मंडोवरा सहित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शैलेंद्र शर्मा, उपनिदेशक महिला अधिकारिता संजय जोशी, विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता केसी मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी आदि ने भी श्रमदान किया।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like