उदयपुर। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन के 42वें वार्षिक सम्मान समर्पण समारोह की पूर्व संध्या पर, गरिमामय समारोह में मेवाड़ के 67वें श्री एकलिंग दीवान महाराणा भीम सिंह जी तथा उनके शासनकाल के पश्चिमी राजपूत राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधि कर्नल जेम्स टॉड की प्रतिमाओं का अनावरण, फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, वर्ष 2020 में कर्नल जेम्स टॉड अलंकरण से सम्मानित यूके के डॉ. नोर्बर्ट पीबोडी एवं वर्ष 2026 में कर्नल जेम्स टॉड अलंकरण से सम्मानित होने वाली डॉ. मॉली एम्मा एटकिन द्वारा किया गया
इस अवसर पर समारोह में उपस्थित अतिथियों ने इन महान ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को नमन करते हुए मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास को स्मरण किया।
उल्लेखनीय है कि महाराणा भीम सिंह के शासनकाल में वर्ष 1818 ईस्वी में ईस्ट इण्डिया कम्पनी के एजेंट के रूप में कर्नल जेम्स टॉड मेवाड़ आए थे। उन्होंने महाराणा के शासन प्रबंधन में सहयोग करते हुए मेवाड़ के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए तथा क्षेत्र के इतिहास और संस्कृति के संरक्षण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में देश-विदेश से पधारंे अनेक गणमान्य अतिथि, फाउण्डेशन द्वारा सम्मानित होने वाली विभूतियां तथा विशिष्ट आमंत्रितजन उपस्थित रहे। जिन्होंने इस आयोजन को मेवाड़ की गौरवशाली धरोहर के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया।