GMCH STORIES

कालिका पेट्रोलिंग टीम का आमुखीकरण कार्यक्रम सम्पन्न

( Read 3281 Times)

22 Apr 26
Share |
Print This Page
कालिका पेट्रोलिंग टीम का आमुखीकरण कार्यक्रम सम्पन्न

उदयपुर। सार्वजनिक स्थलों पर आमजन की सुरक्षार्थ प्रतिबद्ध राजस्थान पुलिस की इकाई कालिका पेट्रोलिंग यूनिट व टूरिस्ट पेट्रोलिंग टीम का आमुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के मुख्य आतिथ्य में उदयपुर के पुलिस लाइन सभागार में आयोजित हुआ। उदयपुर रेंज पुलिस एवं यूनिसेफ राजस्थान के तत्वावधान में संचालित पुलिसिंग फॉर केयर ऑफ चिल्ड्रन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस आमुखीकरण में प्रतिभागियों को सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए नवीन प्रावधानों के साथ अन्य उपयोगी जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा हम सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं एवं बच्चों के जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएं और अपराध को बढ़ावा देने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक महोदय के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला को प्रतिभागियों के लिए उपयोगी बताते हुए कालिका पेट्रोलिंग टीम की भूमिका को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम एवं आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके कार्यक्रमों को सामुदायिक पुलिसिंग के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने टीम को सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं जनसहभागिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हर्ष रतनू ने पेट्रोलिंग के दौरान अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। यूनिसेफ राजस्थान के बाल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार निराला सर ने पुलिस मुख्यालय की ओर से कालिका पैट्रोलिंग टीम के लिए जारी एसओपी एवं अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए पीपीटी के माध्यम से महिला एवं बाल संरक्षण के नवीन कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने  आधुनिक पुलिसिंग, सामुदायिक पुलिसिंग तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की रणनीतियों के बारे में भी बताया। यूनिसेफ राजस्थान की राज्य स्तरीय बाल संरक्षण विशेषज्ञ श्रीमती सिंधु बिनुजीत ने आज के आमुखीकरण के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला एवं कालिका पैट्रोलिंग टीम की कार्यप्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने एवं सामुदायिक पुलिसिंग के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही। कालिका पेट्रोलिंग टीम के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किये। प्रारंभ में योग विशेषज्ञ सउनि राजू सिंह ने प्रतिभागियों को तनाव मुक्ति एवं स्वस्थ रहने के लिए मेडिटेशन और योग करवाया। कार्यक्रम में डव की ओर से तैयार करवाए गये वीडियो के माध्यम से प्रतिभागियों को उपयोगी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग टीम  व टूरिस्ट पेट्रोलिंग टीम के साथ पुलिस लाइन के आर आई गुलाब सिंह, कार्यक्रम टीम के दिलीप सालवी आदि उपस्थित रहे।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like