GMCH STORIES

रोजगार, स्वरोजगार और प्रशिक्षुता का सुअवसर सिद्ध होगा “युवा संबल मेला”

( Read 505 Times)

24 Apr 26
Share |
Print This Page

उदयपुर। युवाओं को निजी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मंशा से मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश भर में युवा संबल मेलों का आयोजन हो रहा है। यह मेले युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और प्रशिक्षुता के सुअवसर सिद्ध होंगे। उदयपुर में युवा संबल मेला 5 मई को सूरजपोल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक फतह विद्यालय परिसर में आयोजित होगा।

एक छत के नीचे मिलेगा रोजगार व विकास योजनाओं का लाभ
राजस्थान सरकार के कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय युवा संबल मेले को लेकर जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में व्यापक तैयारियां चल रही हैं। इस मेले में केंद्र और राज्य सरकार की 14 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को एकीकृत किया गया है। युवाओं को न केवल रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि विभिन्न ऋण योजनाओं और कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी स्टॉल्स के माध्यम से दी जाएगी। मेले में रोजगार एवं प्रशिक्षण से जुड़ी इंटर्नशिप स्कीम, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना और नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम का लाभ मिलेगा। वहीं ऋण एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और डॉ. बी.आर. अंबेडकर दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, आरसेटी और राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के विभिन्न कार्यक्रमों को एकीकृत किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवा लाभान्वित हो सकें।

यह रहेगा खास
युवा संबल मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इसमें स्थानीय और अन्य राज्यों के प्रतिष्ठित नियोजक शामिल होकर रिक्तियों की जानकारी देंगे और पात्र आवेदकों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे। युवा संबल मेले में भाग लेने के लिए युवा विभागीय पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यक्रम स्थल पर भी पंजीकरण और मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

नोडल अधिकारी नियुक्त
जिला कलक्टर ने युवा संबल मेले को सफल बनाने के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा उपनिदेशक संभागीय रोजगार कार्यालय मुकेश गुर्जर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा सभी संबंधित विभागों को दायित्व सौंपते हुए मेले को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। मेले में आने वाले लगभग 1500-2000 युवाओं के लिए जलपान, चिकित्सा सहायता, हाई-स्पीड इंटरनेट और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार व प्रशिक्षण योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेजों के साथ युवा संबल मेले में आने की अपील की है।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like