GMCH STORIES

अपना घर गौशाला में पाँचवाँ छप्पन भोग सम्पन्न, 150 बीमार व घायल गौमाता को अर्पित हुआ विशेष प्रसाद

( Read 478 Times)

28 Apr 26
Share |
Print This Page

अपना घर गौशाला में पाँचवाँ छप्पन भोग सम्पन्न, 150 बीमार व घायल गौमाता को अर्पित हुआ विशेष प्रसाद

उदयपुर,  गुरु कमल चंद्रोशन गौ सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में 108 गौशाला के अंतर्गत देश में अनूठे “छप्पन भोग अभियान” की श्रृंखला का पाँचवाँ आयोजन परशुराम चौराहा स्थित अपना घर गौशाला में श्रद्धा व उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर लगभग 150 बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गौमाताओं को छप्पन भोग अर्पित कर उनकी सेवा की गई।

कार्यक्रम संयोजक स्वीटी जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन में उपस्थित अतिथियों का स्वागत ट्रस्ट के संस्थापक संजय जैन द्वारा शब्दों के माध्यम से किया गया तथा माला, उपरणा और पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया गया। यह आयोजन संघवी कैलाश कुमार पारसमल मुथा (चेन्नई) के 48वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में रखा गया, जिन्होंने अपना जन्मोत्सव गौसेवा को समर्पित कर समाज को प्रेरणादायक संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बाबा लक्ष्मण पुरी महाराज ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताते हुए कहा कि गौमाता के प्रति समर्पण समाज में करुणा, धर्म और सेवा भाव को सुदृढ़ करता है। मुख्य अतिथि काली कल्याण धाम के संस्थापक डॉ. हेमंत जोशी ने इस आयोजन को सनातन परंपराओं को जीवित रखने और समाज में जागरूकता बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे 108 गौशाला के ब्रांड एंबेसडर एवं राजस्थान गौरव डॉ. जिनेंद्र शास्त्री ने महाराणा प्रताप की भूमि उदयपुर की गौरवशाली परंपराओं का उल्लेख करते हुए गौसंरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमें सेवा और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

संस्थापक संजय जैन ने अपने उद्बोधन में गौमाता को संस्कृति और आस्था का प्रतीक बताते हुए सभी सहयोगियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी गौसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर योगेश अखावत, राजकुमार जैन, हेमंत पंचोली, सुरेश वैष्णव, राव उमराव सिंह, हितेश गांधी, हार्दिक मेनारिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गौसेवा के इस पुण्य कार्य में सहभागिता निभाई।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like