GMCH STORIES

बिजली कटौती व अव्यवस्थित विद्युत आपूर्ति को लेकर सौंपा ज्ञापन

( Read 675 Times)

14 May 26
Share |
Print This Page

बिजली कटौती व अव्यवस्थित विद्युत आपूर्ति को लेकर सौंपा ज्ञापन

उदयपुर :  उदयपुर शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती, लो वोल्टेज तथा अव्यवस्थित विद्युत आपूर्ति को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पटेल सर्किल स्थित अधीक्षक अभियंता, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से शर्मा ने बताया कि भीषण गर्मी के दौर में अघोषित बिजली कटौती से आमजन का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बार-बार बिजली ट्रिपिंग तथा लंबे समय तक बिजली बंद रहने से आम नागरिकों, व्यापारी वर्ग, विद्यार्थियों, अस्पतालों एवं लघु उद्योगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार बिजली प्रबंधन में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। जनता लगातार परेशान है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठा रहा है। कांग्रेस पार्टी आमजन की आवाज बनकर विद्युत विभाग के समक्ष जनहित से जुड़ी प्रमुख मांगें रखी हैं।

मुख्य मांगें इस प्रकार हैं

- उदयपुर में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

- अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए।

- लो वोल्टेज एवं ट्रिपिंग की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

- बिजली कटौती की पूर्व सूचना सार्वजनिक रूप से जारी की जाए।

- जर्जर विद्युत लाइनों एवं ट्रांसफार्मरों का शीघ्र नवीनीकरण किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आमजन के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।

इस अवसर पर अशोक तंबोली, फिरोज़ अहमद शेख, मोनिश पुरोहित, शिवराज सिंह, ईश्वर धाकड़, मूलाराम, विजेश, अशोक पटेल, विक्रम राजपुरोहित सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like