उदयपुर। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के सचिव कुलदीप शर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवनभर की मेहनत से अर्जित संपत्ति के उचित वितरण हेतु वसीयत अवश्य बनाए तथा भविष्य में किसी भी प्रकार के पारिवारिक विवाद से बचने के लिए वसीयत के साथ मेडिकल सर्टिफिकेट भी संलग्न करे।
वे रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर द्वारा रानी रोड स्थित रोटरी बजाज भवन में आयोजित सीनियर सिटीजन राइट्स एंड विल विषयक विशेष व्याख्यान में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारोंए उनकी सुरक्षा एवं वसीयत से जुड़े कानूनी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।
एडीजे शर्मा ने कहा कि वसीयत का रजिस्टर्ड होना अनिवार्य नहीं है, लेकिन उसमें दो गवाहों का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यक्ति की मृत्यु के बाद ही वसीयत प्रभावी होती है। उन्होंने कहा कि सही तरीके से बनाई गई वसीयत भविष्य में पारिवारिक विवादों को रोकने के साथ परिवार में पारदर्शिता एवं सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिक संरक्षण अधिनियम की जानकारी देते हुए कहा कि माता.पिता के भरण.पोषण की जिम्मेदारी संतान की होती है, चाहे वसीयत लिखी गई हो या नहीं। नए कानूनी प्रावधानों के अनुसार संतान को माता.पिता के भरण.पोषण हेतु प्रतिमाह आर्थिक सहायता देना आवश्यक है। साथ ही बैंक खाते एवं लॉकर खोलते समय नॉमिनी नियुक्त करने की आवश्यकता पर भी बल दियाए ताकि मृत्यु के पश्चात संपत्ति संबंधी विवाद उत्पन्न न हों।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रोटेरियंस एवं नागरिकों ने कानूनी विषयों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका एडीजे शर्मा ने सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया।
प्रारंभ में क्लब अध्यक्ष रोटेरियन दीपक मेहता ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश एवं एकल परिवारों की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी संरक्षण एवं जागरूकता की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस हो रही है।
प्रारम्भ में डॉ. अजय मुर्डिया ने एडीजे शर्मा का एवं नरेन्द्र मारू ने पूर्व प्रान्तपाल निर्मल सिंघवी का उपरना ओढ़़ाकर स्वागत किया। श्रीमती राजेन्द्र चौहान ने ईश वंदना प्रस्तुत की। निर्मल सिंघवी ने शर्मा को स्मृतिचिन्ह प्रदान किया। अंत में सचिव विनीत दमानी ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम में उपस्थित रोटेरियंस ने विषय से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका वक्ता ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। व्याख्यान को सभी सदस्यों ने अत्यंत ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताया। अंत में कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।