उदयपुर | रविवार को प्रस्तुत किया गया केंद्रीय बजट पूरी तरह से निराशाजनक, जनविरोधी और ज़मीनी हकीकत से कटे हुए वादों का दस्तावेज़ है।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने कहा कि इस बजट में किसान, युवा, महिला, दलित, आदिवासी, मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग के लिए कोई ठोस राहत नहीं दी गई है। बढ़ती महंगाई, बेरोज़गारी और लगातार गिरती क्रय शक्ति जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार ने आंखें मूंद ली हैं। बजट में केवल आंकड़ों और खोखली घोषणाओं के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया है।
शर्मा ने सामाजिक न्याय और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं और किसानों के लिए किसी भी प्रकार का स्थायी समाधान इस बजट में नजर नहीं आता। जहां एक ओर बड़े उद्योगपतियों को राहत दी गई है, वहीं आम नागरिक को महंगाई के बोझ तले ही छोड़ दिया गया है।
उन्होंने कहा कि दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग और अन्य कमजोर तबकों के लिए बजटीय प्रावधान बेहद निराशाजनक हैं। यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” के सरकार के दावे से कोसों दूर है।
शर्मा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस बजट को जनता के हितों के खिलाफ मानती है और प्रदेशभर में इसके विरुद्ध जनजागरण अभियान चलाकर सरकार की नीतियों की पोल खोलेगी। कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आम जनता की आवाज़ पूरी मजबूती के साथ उठाती रहेगी।

Source: