जयपुर । त्योहारों के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख स्टेशनों जयपुर, गांधीनगर जयपुर, अजमेर, जोधपुर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए होल्डिंग एरिया की स्थापना की गई है तथा यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया जा रहा है।

इस तरह से प्लेटफॉर्मों पर अनावश्यक भीड़ को रोकने की व्यवस्था की जा रही है।

इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कंट्रोल रूम के माध्यम से स्टेशन परिसर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रियों की आवाजाही और भीड़ की स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा रहा है।स्टेशनों पर रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू कर भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तथा अन्य कर्मचारी लगाए गए है तथा कर्मचारियों को सतर्क रहते हुए यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।

स्टेशनों पर टिकट सुविधा का विस्तार करते हुए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए है।

इसके साथ ही मुख्यालय और सभी मंडलों में 24 गुणा 7 वॉर रूम स्थापित किए गए है, जो सभी स्थितियों पर नजर रखेंगे तथा यात्रियों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित रखने के लिए कार्य कर रहे हैं।यात्रियों के सुगम सफर के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए 117 स्पेशल ट्रेनों के 937 ट्रिप का संचालन किया जा रहा है तथा 50 ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 140 अतिरिक्त डिब्बों जोडे गए है।

जिससे सीट उपलब्धता में आसानी हुई है। इसके साथ ही यात्री मांग की लगातार समीक्षा की जा रही है और रेलवे आवश्यकतानुसार स्पेशल ट्रेनों के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है।रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट, कन्ट्रोल रूम और सीसीटीवी निगरानी तथा 24 गुणा 7 वॉर रूम के माध्यम से स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।