बाड़मेर की पचपदरा रिफाइनरी में लगी आग को “मामूली” कहकर नजरअंदाज करना आसान है लेकिन यही सोच भविष्य में बड़े हादसों को जन्म देती है। रिफाइनरी कोई साधारण जगह नहीं होती। यहाँ ज्वलनशील पदार्थ, तेज दबाव और जटिल मशीनें एक साथ काम करती हैं। इसलिए यहां छोटी सी गलती भी बड़ा खतरा बन सकती है। ऐसे में हर दुर्घटना सिर्फ एक घटना नहीं बल्कि एक चेतावनी होती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हम इस हादसे की सच्चाई जानना चाहते हैं या सिर्फ मामला शांत करना चाहते हैं? अगर सच तक पहुँचना है तो जांच भी पूरी ईमानदारी और गहराई से होनी चाहिए। जांच केवल कंपनी पर छोड़ देना सही नहीं होगा। क्योंकि इसमें पक्षपात की आशंका रहती है। इसके लिए एक स्वतंत्र जांच टीम बननी चाहिए। जिसमें सरकारी अधिकारी, सुरक्षा विशेषज्ञ और अनुभवी इंजीनियर शामिल हों। जरूरत पड़े तो बाहरी विशेषज्ञों की मदद भी ली जा सकती है।
जांच का आधार अनुमान नहीं बल्कि ठोस सबूत होने चाहिए। जहां हादसा हुआ उस जगह को सुरक्षित रखा जाए और हर उपकरण की जांच की जाए। यह समझना जरूरी है कि आग कैसे शुरू हुई? क्या गैस का रिसाव हुआ था, क्या दबाव ज्यादा हो गया था या कहीं से चिंगारी निकली थी? इन सवालों के जवाब ही सच्चाई तक पहुँचाते हैं।
आज के समय में मशीनों का डेटा बहुत महत्वपूर्ण होता है। रिफाइनरी में लगे सिस्टम हर पल की जानकारी रिकॉर्ड करते हैं-जैसे दबाव, तापमान और अलार्म। CCTV फुटेज और कंप्यूटर रिकॉर्ड भी बहुत कुछ बता सकते हैं। अगर इनका सही तरीके से विश्लेषण किया जाए तो पूरे घटनाक्रम को समझा जा सकता है। कागजों में सब कुछ ठीक दिख सकता है लेकिन मशीनों का रिकॉर्ड सच्चाई सामने ला देता है।
इसके साथ ही यह भी जरूरी है कि मानवीय पहलू को नजरअंदाज न किया जाए। कई बार हादसे इंसानी गलती से भी होते हैं। क्या कर्मचारियों को सही प्रशिक्षण मिला था? क्या उन्होंने नियमों का पालन किया? क्या काम के दौरान लापरवाही हुई? ये सवाल थोड़े असहज जरूर करते हैं लेकिन इनके जवाब जरूरी हैं। अगर इन्हें नजरअंदाज किया गया तो भविष्य में भी ऐसे हादसे हो सकते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की भी पूरी जांच होनी चाहिए। क्या गैस डिटेक्टर और फायर अलार्म समय पर काम कर रहे थे? क्या इमरजेंसी सिस्टम सही समय पर चालू हुआ? क्या नियमित जांच और रखरखाव हुआ था या सिर्फ कागजों में ही सब कुछ ठीक दिखाया गया? ये बातें यह तय करती हैं कि सिस्टम कितना मजबूत था।
सबसे अहम बात है- जवाबदेही। अगर जांच के अंत में सिर्फ “तकनीकी खराबी” कहकर मामला खत्म कर दिया जाता है तो यह सच्चाई से भागने जैसा होगा। यह साफ होना चाहिए कि गलती कहाँ हुई और उसके लिए जिम्मेदार कौन है। साथ ही जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाना चाहिए ताकि लोगों का भरोसा बना रहे और बाकी संस्थाएं भी इससे सीख सकें।
यह हादसा सिर्फ एक आग नहीं बल्कि एक चेतावनी है। आग तो बुझ गई लेकिन अगर सिस्टम की कमियों को नहीं सुधारा गया तो अगली बार नुकसान और बड़ा हो सकता है। अब समय है “मामूली” शब्द से बाहर निकलकर सच्चाई को स्वीकार करने और सुधार की दिशा में कदम उठाने का।
अगर हम इस घटना से सीख लेते हैं, तो यह हादसा एक सबक बन सकता है। लेकिन अगर इसे नजरअंदाज कर दिया गया तो यही लापरवाही भविष्य में बड़ी कीमत वसूल सकती है।
Headlines
लपटों के पीछे छिपी सच्चाई: तकनीकी चूक या व्यवस्था की विफलता
लेखक: भगवान प्रसाद गौड़, उदयपुर
Related stories
Need to Connect the New Generation with the Legacy of Haldighati and Dewair: Union Minister Shekhawat
Udaipur: Union Minister for Culture and Tourism Gajendra Singh Shekhawat said that the younger generation mus…
Panel Discussion on “Medical Tourism in Udaipur: Possibilities and Challenges” Held on World Tourism Day
Udaipur: On the occasion of World Tourism Day, the Tourism and Hotel Management Programme of Mohanlal Sukhadi…
Seeing the World Through the Camera: Photography Workshop Organised at Pacific College
Udaipur: A photography workshop was organised at Pacific College, Chitrakoot Nagar, on Saturday by Pacific Co…
BCI Yuva Investor Connect 2026 Held in Rajasthan, Attracts Registrations from 350 Startups
Udaipur: BCI Yuva Investor Connect 2026 was organised at IIM Udaipur with the objective of strengthening the…