राजकीय संग्रहालय, स्मारकों एवं शहर के प्रमुख पर्यटक स्थलों पर आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
जैसलमेर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जैसलमेर सहित प्रदेशभर में 27 सितम्बर को विश्व पर्यटन दिवस टूरिज्म एंड सस्टेनेबल ट्रांसफॉर्मेशन (ज्वनतपेउ ंदक ैनेजंपदंइसम ज्तंदेवितउंजपवद) की थीम पर मनाया जायेगा।
सहायक निदेशक पर्यटन कमलेश्वर सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमानुसार शनिवार, 27 सितम्बर को सुबह 8ः00 बजे गड़ीसर चौराहे पर अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों द्वारा राजस्थानी पारंपरिक गायन-वादन की प्रस्तुतियों के साथ पर्यटकों का पारंपरिक रूप से टीका, माल्यार्पण एवं पुष्पों से स्वागत किया जाएगा।
सहायक निदेशक ने बताया कि इस अवसर पर पटवा हवेली, जैसलमेर दुर्ग, राजकीय संग्रहालय इत्यादि स्मारकों एवं शहर के प्रमुख पर्यटक स्थलों की साफ-सफाई की जाएगी एवं लोक कलाकार विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जिससे पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिलेगी। साथ ही, उन्होंने बताया कि राजकीय संग्रहालय व पटवा हवेली में पर्यटकों एवं विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर पर विरासत/पर्यटन विषयक चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने बताया कि यह आयोजन पर्यटन को सतत विकास से जोड़ते हुए स्थानीय संस्कृति, स्वच्छता एवं अतिथि सत्कार के महत्व को उजागर करेगा।
Source: