कोटा। भीमगंजमंडी थाने के नव नियुक्त थाना प्रभारी रामविलास मीणा ने कार्यभार संभाल लिया है। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक बढ़ाना होगी। क्षेत्रवासी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि नए थाना प्रभारी अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाएंगे।
भीमगंजमंडी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से एमडी, स्मैक, गांजा जैसे मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। इसके अलावा अवैध शराब का कारोबार भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन गतिविधियों पर लगातार और प्रभावी कार्रवाई की जाए तो क्षेत्र में अपराध पर भी काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।
क्षेत्र में देर रात और पूरी रात तक खुली रहने वाली कुछ दुकानों को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। नागरिकों का कहना है कि ऐसी जगहों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की जा रही है।
राममंदिर रोड स्थित कुछ होटल और भोजनालयों के बाहर खड़े होकर ग्राहकों से अभद्र व्यवहार करने वाले युवकों की शिकायतें भी लंबे समय से मिलती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इनके कारण परिवारों और महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि नशे के कारोबार, अवैध शराब,ब्याज खोर,दुकान और मकान खाली कराने के ठेकदारों, रात्रिकालीन अव्यवस्था और असामाजिक तत्वों पर लगातार अभियान चलाया जाए तो भीमगंजमंडी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है। अब लोगों की निगाहें नव नियुक्त थाना प्रभारी रामविलास मीणा की कार्यशैली और आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
Source: