श्रीगंगानगर। नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर तंत्र की जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाहाॅल में आयोजित की गई। बैठक में अब तक की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती रीना ने निर्देश दिए कि जिले में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु संबंधित विभाग एवं एजेंसियां आपसी समन्वय से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने औषधि नियंत्रक अधिकारियों को मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच करने तथा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई पर बल दिया।
बैठक में नशे में प्रयुक्त होने वाली दवाओं की उपलब्धता एवं स्टॉक की नियमित रूप से जांच को लेकर चर्चा हुई। मेडिकल दवाओं के रिकॉर्ड की आकस्मिक जांच कर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही औषधि नियंत्रक विभाग को निर्देशित किया कि जिले के समस्त खुदरा विक्रेताओं द्वारा एनडीपीएस दवाओं की बिक्री केवल वैध पर्ची पर ही की जाए तथा पर्ची पर मोहर लगाना अनिवार्य किया जाए। सभी मेडिकल स्टोर्स को पोर्टल के माध्यम से ही दवाओं की बिक्री के लिए पाबंद किया जाए।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विद्यालयों में विद्यार्थियों के नियमित बैग चेक किए जाएं तथा बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति निरंतर जागरूक किया जाए। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्रों, मेडिकल स्टोर्स एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के रिकॉर्ड के समुचित संधारण एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला, औषधि नियंत्रक श्री अशोक मित्तल, सामाजिक अधिकारिता विभाग से श्री वीरेन्द्र पाल, श्री सन्नी कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Source: