उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर आज पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी जगत के एक भव्य और प्रतिष्ठित आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से आयोजित राजस्थान टूरिज्म सम्मान-2026 प्रेजेंटेशन सेरेमनी का आयोजन कल 21 मार्च को शाम 4 बजे उदयपुर मैरियट होटल में होगा। जहां देश-प्रदेश के दिग्गज होटल व्यवसायी, टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल प्रोफेशनल्स और हॉस्पिटैलिटी एक्सपर्ट्स एक मंच पर एकत्रित होंगे।


पीएचडीसीसीआई उदयपुर संभाग संयोजक मुकेश माधवानी के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राजस्थान में सतत विकास, नवाचार और जिम्मेदार पर्यटन (रेस्पोंसिबल टूरिज्म) को बढ़ावा देना है, ताकि राज्य का पर्यटन उद्योग वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बन सके। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजन की विशेषता इसका व्यापक दायरा है, जिसमें 35 से अधिक श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार कलनरी आर्ट्स और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री से जुड़े पेशेवरों को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है, जिससे पर्यटन के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र को उचित पहचान मिल सके।




पीएचडीसीसीआई राजस्थान के रेजिडेंट डायरेक्टर आर. के. गुप्ता ने विश्वास जताया कि यह सम्मान समारोह न केवल उत्कृष्ट कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन करेगा, बल्कि पर्यटन क्षेत्र में नई सोच और बेहतर सेवाओं की दिशा में सकारात्मक बदलाव भी लाएगा।
कार्यक्रम में बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) हॉस्पिटैलिटी पार्टनर के रूप में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। बीसीआई टूरिज्म अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने बताया कि ऐसे आयोजन उद्योग से जुड़े विभिन्न हितधारकों के बीच संवाद और नेटवर्किंग के नए अवसर प्रदान करते हैं। पुरस्कारों की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विजेताओं का चयन एक उच्च स्तरीय जूरी द्वारा किया गया है। भारत सरकार के पूर्व पर्यटन सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. ललित के. पंवार की अध्यक्षता वाली जूरी ने गुणवत्ता, सेवा स्तर और नवाचार जैसे मापदंडों के आधार पर प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया है।

Source: