कोटा। पत्रकारिता की दुनिया में कुछ नाम अपनी खबरों की तेजी, सटीकता और सामाजिक सरोकारों के कारण अलग पहचान बना लेते हैं।
ऐसे ही पत्रकारों में दैनिक राष्ट्र का वाचन समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार यतीश व्यास का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। शहर में कोई घटना घटे और यतीश व्यास की नजर उस पर न पड़े, ऐसा कम ही देखने को मिलता है।
घटना के तुरंत बाद उनके पास जानकारी पहुंचती है और वे उसे खबर का रूप देकर पाठकों तक पहुंचाने में जुट जाते हैं।
यतीश व्यास ने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत कोटा से प्रकाशित होने वाले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘यंग एचीवर’ और उसके डिजिटल संस्करण से की थी। अपनी मेहनत, काबिलियत और खबरों की गहरी समझ के दम पर उन्होंने कम समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाई।
उनकी खबरों की धार और काम करने के अंदाज ने उन्हें साथी पत्रकारों के बीच अलग स्थान दिलाया। वर्तमान में वे दैनिक राष्ट्र का वाचन डिजिटल समाचार पत्र में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
यतीश व्यास की खासियत उनकी तेज सूचना प्रणाली और घटनास्थल तक तत्काल पहुंच है। पुलिस, अपराध, राजनीति, सामाजिक गतिविधियों से लेकर शहर की समस्याओं तक हर विषय पर उनकी पैनी नजर रहती है। उनकी खबरों में मौके की तस्वीरों को भी विशेष महत्व मिलता है। वे एक अच्छे पत्रकार होने के साथ-साथ कुशल फोटोग्राफर भी हैं। उनके कैमरे से निकली तस्वीरें खबर को जीवंत बना देती हैं।
यतीश व्यास की पत्रकारिता केवल खबर प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है। वे जुल्म, शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के साथ-साथ शोषित एवं उत्पीड़ित लोगों की समस्याओं को भी प्रमुखता से सामने लाते हैं। उनके समाचारों में सामाजिक सरोकार स्पष्ट दिखाई देता है। यही वजह है कि आम लोगों के बीच भी उनकी अलग पहचान बनी है।
दैनिक राष्ट्र का वाचन के संपादक गजेंद्र व्यास के नेतृत्व में यतीश व्यास नियमित रूप से पत्रकारिता की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। समाचार पत्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म को मजबूत पहचान दिलाने में उनकी सक्रिय भूमिका मानी जाती है।
यतीश व्यास हंसमुख, मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के धनी हैं। वे सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। अपने समाचार पत्र के ग्रुप में भी वे मर्यादित एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं और किसी भी सदस्य को विवादित अथवा आपत्तिजनक पोस्ट की अनुमति नहीं देते। उनका मानना है कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने का माध्यम है, इसलिए शब्दों की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
यतीश व्यास के जन्मदिन के अवसर पर उनके मित्रों, परिजनों, साथी पत्रकारों और शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अधिस्वीकृत पत्रकार महासंघ के अध्यक्ष एवं पूर्व संयुक्त निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, वरिष्ठ पत्रकार-लेखक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल, स्वतंत्र पत्रकार के.डी. अब्बासी, भारत की महिमा के प्रधान संपादक डी.एन. गांधी, संपादक बृजराज सिंह सोलंकी, सहायक संपादक कादर खान, वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार सुधींद्र गौड़, राजस्थान अधिस्वीकृति महासंघ के लीगल एडवाइजर एवं वरिष्ठ पत्रकार एडवोकेट अख्तर खान अकेला तथा एडवोकेट इकरामुद्दीन खान सहित सैकड़ों कलमकारों ने यतीश व्यास को जन्मदिन की बधाई और मुबारकबाद दी।
साथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि उनकी कलम इसी तरह समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहे।