काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से नमो घाट तक, गंगा आरती से क्रूज पर्यटन तक बदलती बनारस की तस्वीर बनारस के घाटों में गुम होती राजस्थान की ऐतिहासिक पहचान,विकास की नई रोशनी के बीच जयपुर के महाराजाओं की विरासत को पहचान दिलाने की जरूरत *वाराणसी में गोपेन्द्र नाथ भट्ट* वाराणसी यानी काशी दुनिया के प्राचीनतम जीवंत नगरों में से एक है। वाराणसी की काशी केवल मोक्ष और आध्यात्मिक चेतना की नगरी नहीं, बल्कि भारत की साझा सभ्यता, सांस्कृतिक समन्वय और ऐतिहासिक वैभव का एक जीवंत दस्तावेज है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में वाराणसी से लोकसभा चुनाव जीतकर इस शहर को अपना संसदीय क्षेत्र बनाया। इसके बाद काशी के धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन और शहरी विकास को नई राष्ट्रीय पहचान मिली।

वर्ष 2014 से मार्च 2025 तक काशी विकास के अंतर्गत कुल 580 परियोजनाएं शुरू की गईं, जिनमें लगभग 48,459 करोड़ रुपये का निवेश बताया गया है।

काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से नमो घाट तक, गंगा आरती से क्रूज पर्यटन तक बनारस की तस्वीर बदली है हालाँकि अभी भी वाराणसी को विश्व पर्यटन मानकों के अनुरूप बनाने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार के साथ नागरिकों की दृढ़ इच्छा शक्ति की भी नितांत जरूरत है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनने के बाद वर्ष 2014 से वाराणसी में विकास का नया अध्याय शुरू हुआ है।

काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, नमो घाट, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, क्रूज पर्यटन और घाटों के सौंदर्यीकरण ने बनारस की तस्वीर बदली है और विकास का यह क्रम अनवरत जारी है लेकिन इस आधुनिक विकास की चर्चा में उन राजपूत शासकों और रियासतों का योगदान अपेक्षाकृत पीछे छूट गया है, जिन्होंने सदियों पहले काशी को अपनी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का केंद्र बनाया था।

काशी में देश के विभिन्न राज्यों के राजघरानों ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। गंगा के अर्द्धचंद्राकार तट पर बने घाट इसकी सबसे बड़ी ऐतिहासिक धरोहर हैं।

80 से अधिक करीब 8 किमी लंबे इन घाटों में राजस्थान की विरासत भी गहराई से रची-बसी है।

विडंबना यह है कि काशी के व्यापक कायाकल्प और पर्यटन विकास के बीच राजस्थान के इस ऐतिहासिक योगदान की पहचान धीरे-धीरे धुंधली पड़ती जा रही है। इस संदर्भ में जयपुर के महाराजाओं से जुड़ा *मान मंदिर घाट* विशेष महत्व रखता है।

ऐतिहासिक तथ्यों के अनुसार आमेर के राजा मानसिंह ने सोलहवीं शताब्दी के अंतिम वर्षों में यहां मान महल का निर्माण कराया था। बाद में जयपुर के महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने इसी महल की छत पर अठारहवीं शताब्दी में एक खगोलीय वेधशाला स्थापित की थी।

यह वही शासक थे जिन्होंने दिल्ली, जयपुर, उज्जैन और मथुरा में भी वेधशालाओं का निर्माण कराया था। इस प्रकार मान मंदिर घाट केवल धार्मिक आस्था का स्थल नहीं, बल्कि राजस्थानी स्थापत्य, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और भारतीय ज्ञान परंपरा के अद्भुत संगम का प्रतीक है।

इस विरासत की एक विशेषता यह भी है कि यहां धर्म और विज्ञान एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक दिखाई देते हैं। गंगा के तट पर खड़े होकर आकाशीय गणनाएं करने वाले यंत्र उस दौर की वैज्ञानिक चेतना के प्रमाण हैं।

आज भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग इस ऐतिहासिक परिसर का संरक्षण करता है, लेकिन आम पर्यटक को इसके पीछे छिपे जयपुर के ऐतिहासिक योगदान की पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पाती।

राजस्थान की विरासत केवल मानमंदिर तक सीमित नहीं है। *उदयपुर के महाराणा जगतसिंह* द्वारा निर्मित *राणा महल घाट*:और राजस्थान के *तिजारा के महाराजा* से जुड़ा *लाल घाट* भी इस सांस्कृतिक रिश्ते के प्रमाण हैं।

*मान सरोवर* और *बूंदी परकोटा घाट* जैसे नाम भी राजस्थान के ऐतिहासिक संबंधों की ओर ध्यान आकर्षित करते हैं।

सवाल यह नहीं कि ये घाट आज भौतिक रूप से मौजूद हैं या नहीं, बल्कि सवाल यह है कि उनकी ऐतिहासिक पहचान कितनी सुरक्षित और प्रचारित है। क्या काशी आने वाले पर्यटकों को बताया जाता है कि गंगा के किनारे राजस्थान के राजघरानों ने भी अपनी सभ्यतागत विरासत छोड़ी है?

ऐसे में अब समय है कि राजस्थान सरकार, पुरातत्व विभाग,जयपुर उदयपुर, बूंदी आदि से जुड़े पूर्व राजपरिवारों के सदस्यों तथा अन्य प्रदेशों को भी भारत सरकार,उत्तरप्रदेश सरकार एवं काशी प्रशासन मिलकर इन धरोहरों का प्रामाणिक ऐतिहासिक सर्वेक्षण कराना चाहिए।

घाटों पर बहुभाषी सूचना पट्ट, डिजिटल विरासत गैलरी और *राजस्थान-काशी सांस्कृतिक पर्यटन परिपथ* विकसित किया जाना चाहिए। साथ ही काशी की पवित्रता को बनाए रखने के लिए यहां की स्वच्छता पर सबसे अधिक ध्यान देने की जरूरत है।

इसके अलावा वाराणसी की ट्राफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ ही हॉटल, घाट पर नाव लपको एवं भिखारियों , पूजा के नाम पर ठगी करने वाले माफिया गिरोह आदि पर भी अंकुश जरूरी है ।

यहां राजस्थान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक परिपेक्षय और भी है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की स्थापना 4 फरवरी 1916 को हुई थी।

इसकी परिकल्पना महामना मदन मोहन मालवीय, एनी बेसेंट और अनेक शिक्षाविदों एवं देशी रियासतों के सहयोग से साकार हुई थी। इस अभियान में राजस्थान के राजघरानों की भूमिका भी उल्लेखनीय रही।

विशेष कर डूंगरपुर के महारावल विजय सिंह ने अकेले तब बीएचयू को 10 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया था । हालाँकि डूंगरपुर राजपरिवार द्वारा काशी में किसी विशेष घाट या मंदिर के निर्माण का कोई प्रमाण नहीं मिलता।

लेकिन आज जब काशी के घाटों, मंदिरों और सांस्कृतिक विरासत का नए सिरे से पुनरुद्धार हो रहा है, तब डूंगरपुर की इस ऐतिहासिक सहभागिता को भी उचित स्थान मिलना चाहिए।

इसके अलावा महारावल विजयसिंह के ज्ञानानंद जी महाराज से घनिष्ठ सम्बन्ध थे और उन्होंने अपने पुत्र महारावल लक्ष्मण सिंह (राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष) का विवाह बनारस के निकट भिंगा रियासत की राजकुमारी महारानी बृजराज कुंवरी से बनारस में ही धूमधाम से कराया था।

भिंगा रियासत वर्तमान उत्तर प्रदेश के श्रावस्तीगंगा और दक्षिणी राजस्थान के वागड़ अंचल के बीच यह रिश्ता भारतीय एकात्मता की उस परंपरा का प्रतीक है, जिसमें भौगोलिक दूरियां कभी सांस्कृतिक और शैक्षणिक सहभागिता की बाधा नहीं बनीं।

राजस्थान और उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक संबंधों पर शोध, अभिलेखों का संकलन और ऐतिहासिक दस्तावेजों का सार्वजनिक प्रदर्शन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।

जानकारों के अनुसार काशी का विकास तभी संपूर्ण होगा, जब उसकी प्राचीन स्मृतियों को भी उतना ही सम्मान मिले जितना उसकी आधुनिक उपलब्धियों को मिल रहा है।

कुल मिला कर गंगा की लहरों के साथ इतिहास की पहचान ओझल नहीं होनी चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस प्रकार गुजरात और वाराणसी के मध्य एक नया सम्बन्ध बनाया है इसी प्रकार राजस्थान और काशी का रिश्ता केवल अतीत की कहानी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक एकात्मता की अनमोल विरासत है।