उदयपुर। सेंट एंथनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोवर्धन विलास, उदयपुर में कला विभाग एवं विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, मेहनत और समर्पण से माँ दुर्गा और उनके वाहन बाघ की एक भव्य इंस्टॉलेशन आर्ट कलाकृति तैयार की।
लगभग 50 × 16 फीट के फर्श क्षेत्र में बनाई गई इस कलाकृति को पूरा करने में करीब 18 घंटे का श्रम लगा, जिसे लगभग तीन दिनों में साकार किया गया।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी विकास साहू ने बताया कि सेंट एंथनीज सीनियर सेकेंडरी स्कूल इस कलाकृति की विशेषता यह रही कि इसे निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली गिट्टी और पारंपरिक रूप से अलग टोकरी में बोए गए जवारे से तैयार किया गया।
सामान्य निर्माण सामग्री और पारंपरिक धार्मिक तत्वों को कलात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों ने उन्हें एक आकर्षक और अर्थपूर्ण कलाकृति का रूप दिया।
सेंट एंथनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य विलियम डीसूजा ने विद्यार्थियों और कला विभाग के इस अनूठे प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीम भावना और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान को बढ़ावा देती हैं।
यह प्रयोग दर्शाता है कि कला के माध्यम से साधारण सामग्री को भी असाधारण अभिव्यक्ति में बदला जा सकता है।
कला शिक्षिका स्नेहलता चौहान के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से इस परियोजना में भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच, टीमवर्क, धैर्य और व्यावहारिक कला का अनुभव प्राप्त हुआ। माँ दुर्गा और बाघ की यह कलाकृति शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। इस अनूठे प्रयास के माध्यम से विद्यालय में कला शिक्षा, भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं और सामूहिक रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
यह इंस्टॉलेशन कला के प्रति विद्यार्थियों के उत्साह तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।