उदयपुर। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के निदेशक मंडल में निदेशक पद पर नियुक्ति के अवसर पर डॉ. अलका मूंदड़ा का गरिमापूर्ण समारोह में अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने इंडियन ऑयल परिवार और वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए गौरव के साथ-साथ महत्वपूर्ण दायित्व भी है।

समारोह में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के कंपनी सचिव कमल कुमार गलवानी, राजस्थान स्टेट ऑफिस के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख मनोज कुमार गुप्ता तथा उदयपुर डिविजनल ऑफिस के डिविजनल रिटेल हेड विकास वर्मा की गरिमामय उपस्थिति रही। उन्होंने डॉ. अलका मूंदड़ा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

इस अवसर पर डॉ. अलका मूंदड़ा ने कहा कि इंडियन ऑयल देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला प्रतिष्ठित महारत्न सार्वजनिक उपक्रम है। ऐसे संस्थान के निदेशक मंडल में दायित्व मिलना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि टीम भावना, नवाचार और राष्ट्रहित की भावना के साथ कंपनी की विकास यात्रा में प्रभावी योगदान देने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने इंडियन ऑयल के नेतृत्व एवं परिवार के प्रति विश्वास व्यक्त करने के लिए आभार जताया। साथ ही कहा कि बदलते ऊर्जा परिदृश्य में कंपनी को भविष्य के लिए और अधिक सक्षम बनाने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा सतत विकास की दिशा में मिलकर कार्य करना महत्वपूर्ण होगा।

इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य अतिथियों का आशीर्वाद रहा। उन्होंने डॉ. मूंदड़ा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।