उदयपुर। झीलों की नगरी से एक बार फिर वैश्विक मंच पर भारत की सांस्कृतिक भावना और शांति का संदेश गूंजा है। शहर के प्रख्यात स्वर्ण शिल्पी और 121 वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक प्रोफेसर डॉ. इक़बाल सक्का ने चांदी से 195 तिरंगे झंडों का निर्माण कर एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है।
डॉ. सक्का ने मात्र 195 मिनट में 195 तिरंगे तैयार कर दुनिया के 195 देशों को शांति, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। यह पहल भारत की “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को साकार करती है, जिसमें पूरे विश्व को एक परिवार माना जाता है।
इस अद्वितीय उपलब्धि को ‘रिपब्लिक बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ ने मान्यता देते हुए एक साथ 195 विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली पहली उपलब्धि के रूप में दर्ज किया है। इसके साथ ही डॉ. इक़बाल सक्का को आधिकारिक प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
यह प्रमाण पत्र हृदय रोग विशेषज्ञ, वरिष्ठ आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. सक्का को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उदयपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
डॉ. इक़बाल सक्का का यह प्रयास दर्शाता है कि कला के माध्यम से भी विश्व में सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सकता है। उनके इस नवाचार ने भारत की शांति और सद्भावना की परंपरा को एक नई पहचान दी है।