*स्पीकर देवनानी ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और इसमें सहयोग करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है*
जी एन भट्ट
नई दिल्ली। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को राजस्थान में प्रारंभ हुई जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना फॉर्म सबमिट कर आमजन की महत्वपूर्ण संदेश दिया। देवनानी ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और इसमें सहयोग करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजस्थान की जनता इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेगी और इसे सफल बनाएगी।
स्पीकर देवनानी ने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व समझते हुए इसमें पूर्ण सहयोग करें।उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह देश और प्रदेश की योजनाओं, नीतियाँ और विकास की दिशा तय करने का आधार है। सटीक और पूर्ण जानकारी के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत ढांचे और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर सकती है।
स्पीकर देवनानी ने कहा कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण प्रारंभ हो चुका है, जिसमें घर-घर जाकर जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जा रही है। यह प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है, जिससे प्रत्येक नागरिक की जानकारी सुरक्षित और सटीक रूप से दर्ज हो सके।
देवनानी ने कहा कि जनगणना में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इससे ही राज्य और देश की वास्तविक स्थिति का आंकलन संभव हो पाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि विकास योजनाएं अधिक प्रभावी और जनहितकारी बन सकें।
इस अवसर पर आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव और जनगणना के लिए राज्य नोडल अधिकारी रवि कुमार सुरपुर, जनगणना निदेशक विष्णु चरण मलिक, जयपुर नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के निदेशक विनेश सिंघवी, संयुक्त निदेशक. सुदेश कुमार और अविनाश शर्मा मौजूद थे।