उदयपुर, गुरु कमल चंद्रोशन गौ सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में कलड़वास स्थित शिवशंकर गौशाला में एक अनूठा और प्रेरणादायक आयोजन देखने को मिला। ‘छप्पन भोग अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा प्रियांशी (प्रांजल) जैन ने अपना जन्मदिन सेवा भाव के साथ मनाते हुए 300 गौमाता को छप्पन भोग अर्पित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गौमाता की आरती के साथ हुई। ट्रस्ट के संस्थापक संजय जैन ने अतिथियों का माला, उपरणा और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक स्वीटी जैन पोरवाल ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान गौसेवा के प्रति जागरूकता और संस्कारों के प्रसार का एक प्रयास है।
मुख्य वक्ता बाबा लक्ष्मण पुरी महाराज ने इस पहल को अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि जन्मदिन जैसे अवसर को गौसेवा में समर्पित करना बच्चों में संस्कार और सेवा भाव को मजबूत करता है। उन्होंने इसे भक्ति, सेवा और संस्कृति का सुंदर संगम बताया।
मुख्य अतिथि भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के लिए आदर्श प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से दूध से बने केक को गौमाता को खिलाने की पहल को अनोखा और सराहनीय बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. जिनेंद्र शास्त्री ने उदयपुर को गौसेवा का प्रमुख केंद्र बनाने की अपनी संकल्पना साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शहर की पहचान को नई दिशा देते हैं।
विशिष्ट अतिथियों में डॉ. महावीर प्रसाद जैन, पं. ऋषभ जैन शास्त्री, बाल ब्रह्मचारी मधुकांता जैन, स्वाती जैन, राष्ट्रीय कवि अजात शत्रु, डॉ. सीमा जैन सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को संस्कृति, आस्था और सेवा का अद्भुत उदाहरण बताया।
अंत में संस्थापक संजय जैन ने सभी अतिथियों, संतजनों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए गौसेवा के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौसेवक एवं समाजजन उपस्थित थे।