उदयपुर | महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, द सिटी पैलेस, उदयपुर के लिए यह दिन विशेष उत्साह और गौरव का अवसर रहा, जब 1988 समर ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रसिद्ध फील्ड हॉकी खिलाड़ी तथा 1986 एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज़ मेडल विजेता भारतीय टीम के सदस्य सुजीत कुमार अपने उदयपुर आगमन के दौरान विद्यालय का दौरा किया और विद्यार्थियों से खेल की बारीकियों पर चर्चा की।
कार्यक्रम का आरंभ विद्यालय प्रांगण में हुआ, जहाँ एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और गरिमा के साथ अतिथियों की अगवानी की। तत्पश्चात अध्यापकगणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका हार्दिक अभिनंदन किया। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी तथा उदयपुर हॉकी संघ के सचिव श्री कुलदीप सिंह झाला भी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा उनका अत्यंत गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
अपने प्रेरक संबोधन में सुजीत कुमार ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि "जीवन में शिक्षकों का योगदान माता-पिता के समान महत्वपूर्ण होता है। माता-पिता जहाँ बच्चों को जीवन देते हैं, वहीं शिक्षक उन्हें सही दिशा और संस्कार प्रदान करते हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि "आज की शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल, अनुशासन और जीवन मूल्यों के साथ समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि वे शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में संतुलन बनाए रखें, तो जीवन में बड़ी सफलताएँ प्राप्त कर सकते हैं।"
इस अवसर पर उदयपुर हॉकी संघ के सचिव कुलदीप सिंह झाला ने श्रीमती निवृत्ति कुमारी मेवाड़ के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन से खेल गतिविधियों को नई दिशा और प्रोत्साहन मिला है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों से जुड़ने तथा अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक क्षमता को विकसित करने के लिए विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।