जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में सोमवार को नए प्रधानमंत्री कार्यालय ‘‘सेवा तीर्थ’’ में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा परित सेवा संकल्प के कार्यान्वयन के लिए एक बैठक का आयोजन किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक श्री अमिताभ की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें नए प्रधानमंत्री कार्यालय ‘‘सेवा तीर्थ’8 में प्रथम कैबिनेट मीटिंग में पारित सेवा संकल्प का वाचन किया गया तथा इस संकल्प के कार्यान्वयन के लिए नैतिक प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति को दोहराया गया। सेवा संकल्प का वाचन मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) श्री विनोद कुमार द्वारा किया गया।
महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने कहा कि यह संकल्प अत्याधिक प्रेरणादायक है। यह संकल्प 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की रूपरेखा बताता है। संसाधनों को किस तरह उपयोग करना है यह भी इस संकल्प में बताया गया है। इस संकल्प को सुनने के बाद बहुत अच्छी भावना आती है। देश का नागरिक होने का अपना उत्तरदायित्व समझ में आता है। जो जिम्मेदारियां भारत सरकार ने हमें सौंपी है उन उत्तरदायित्वों को अच्छे से निभाना है। उत्तरदायित्वों को निभाते समय किन-किन बातों का ध्यान रखना है इस बारे में इसमें अच्छे से लिखा गया। हम सभी भारत सरकार के कर्मचारी हैं। हमें ध्यान में रखना है कि जो भी संसाधन है उनके उपयोग से रेलवे को क्या फायदा होगा। कैसे इससे रेलवे राजस्व बढ़ेगा। इससे कैसे पैसेंजर्स को फायदा होगा। हम जो भी काम करेंगे वह जनता के लिए होगा, कस्टमर के लिए होगा ये संकल्प हमे लेना है।
बैठक में महाप्रबंधक के साथ अपर महाप्रबंधक श्री अशोक माहेश्वरी, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री पी.के. सिंह सहित सभी विभागाध्यक्ष एवं उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प के कार्यान्वयन के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों एवं कार्यशालाओं पर भी सेवा संकल्प का वाचन तथा परिचर्चा का आयोजन किया गया।