जयपुर। देश के विधान मण्डलों की समिति प्रणाली की समीक्षा के लिए लोकसभा द्वारा गठित राज्यों के पीठासीन अधिकारियों की समिति की जयपुर में मंगलवार को हो रही दूसरी बैठक की मेजबानी इस बार राजस्थान विधानसभा कर रही है। बैठक में भाग लेने के लिए मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम विधान सभा के अध्यक्ष जयपुर पहुँच गये है।
राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने बताया कि लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने विधानमण्डलों की समितियों को अधिक सक्षम बनाने के लिए समिति प्रणाली की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है । इस समिति में राजस्थान सहित मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल विधान सभाओं के अध्यक्षों को शामिल किया गया है।
*समिति की द्वितीय बैठक, छः राज्यों के स्पीकर होंगे शामिल*
डॉ. वासुदेव देवनानी ने बताया कि जयपुर में हो रही समिति की यह दूसरी बैठक है। इससे पहले समिति की प्रथम बैठक भोपाल में हुई थी। इस समिति के सभापति मध्यप्रदेश विधान सभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर है। राजस्थान विधानसभाध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी, उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष सूरमा पाढी और सिक्किम विधान सभा अध्यक्ष श्री मिंगमा नोर्बू शेरपा इस समिति के सदस्य है।
*डॉ. देवनानी और तोमर की मुलाकात*
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ़ राजस्थान में विधानसभाध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी और मध्यप्रदेश विधान सभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर की मुलाकात हुई। डॉ. देवनानी और तोमर ने मंगलवार को होने वाली बैठक के संबंध में विभिन्न विन्दुओं पर चर्चा की है। इससे पूर्व तोमर सोमवार को प्रातः रेल से जयपुर जंक्शन पहुँचे। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम विधान सभा अध्यक्ष वायुयान से जयपुर पहुँचे। राजस्थान विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा ने हवाई अड्डे और कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
*बैठक के पश्चात होगा पारम्परिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ सम्मान भोज*
*मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी शामिल होंगे*
डॉ. देवनानी ने बताया कि पांच मई मंगलवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में प्रात: 11:00 बजे समिति की बैठक होगी। बैठक के पश्चात आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान भोज में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी शामिल होंगे। सभी अतिथि गण राजस्थान के स्वादिष्ट और पारम्परिक व्यंजनों का देश के विभिन्न भागों से आने वाले स्पीकर्स स्वाद लेंगे, साथ ही पारम्परिक लोक गीत एवं संगीत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनन्द भी लेंगे।
*स्पीकर्स विधानसभा के डिजिटल सदन, भवन और म्यूजियम को देखेंगे*
स्पीकर्स डॉ. देवनानी ने बताया कि राजस्थान विधान सभा देश की सर्वश्रेष्ठ विधान सभा है। यहां के सदन को पेपरलैस बनाने के लिए डिजिटलाईजेशन किया गया है। सदन की प्रणाली को डिजिटल बनाया गया है। विधान सभा के प्रत्येक सदस्य की मेज पर टैब लगाया गया है ताकि सदस्य सदन से संबंधित प्रश्नों और कार्यवाही विवरण को ऑनलाइन देख सके। डॉ. देवनानी ने बताया कि विधान सभा के राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का भी अवलोकन कराया जायेगा। म्यूजियम में राज्य के समृद्ध और गौरवशाली इतिहास को डिजिटल रूप में प्रदर्शित किया गया है। म्यूजियम में संविधान दीर्घा और वंदे मातरम दीर्घा का भी निर्माण किया गया है।
*खाटूश्याम मंदिर के दर्शन और पूजा करेंगे स्पीकर्स*
विधानसभाध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने बताया कि बैठक में भाग लेने आ रहे सभी विधानसभा अध्यक्षों का सुप्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर का भ्रमण कार्यक्रम भी है, जहां वे सभी मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना करेंगे। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने सोमवार को सालासर और खाटूश्याम मंदिरों में दर्शन और पूजन किया।