GMCH STORIES

‘आर्ट एंड क्राफ्ट बाजार’ बना आकर्षण का केंद्र

( Read 372 Times)

27 Feb 26
Share |
Print This Page

‘आर्ट एंड क्राफ्ट बाजार’ बना आकर्षण का केंद्र

     जैसलमेर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु एवं रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के जैसलमेर दौरे के अवसर पर आयोजित वायु शक्ति एयर शो कार्यक्रम के तहत आईटीसी होटल, जैसलमेर में “आर्ट एंड क्राफ्ट बाजार” प्रदर्शनी का सजीव एवं आकर्षक आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी स्थानीय हस्तशिल्प और ओडीओपी उत्पादों की समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय स्तर के विशिष्ट अतिथियों के समक्ष प्रस्तुत करने का सशक्त मंच बनी।

    राष्ट्रपति की सचिव दीप्ति उमाशंकर ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) के अंतर्गत जैसलमेर के पारंपरिक हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पत्थर नक्काशी, पारंपरिक कढ़ाई, लेदर क्राफ्ट, लकड़ी शिल्प सहित अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों की सराहना करते हुए कारीगरों से आत्मीय संवाद किया तथा उनके उत्कृष्ट कौशल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

    इस अवसर पर राज्य उद्योग मंत्री के.के. बिश्नोई ने भी प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों से बातचीत कर उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार एवं आकर्षक प्रस्तुतीकरण की सराहना की। मंत्री बिश्नोई ने जैसलमेर प्रवास के दौरान औद्योगिक विकास एवं ओडीओपी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

    प्रदर्शनी में स्थानीय कारीगरों एवं ओडीओपी उद्यमियों द्वारा जैसलमेर की समृद्ध शिल्प परंपरा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। जिला प्रशासन एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, जैसलमेर द्वारा उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं विपणन संभावनाओं पर भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई, जिससे कारीगरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला।

    इस आयोजन ने न केवल स्थानीय हस्तशिल्प को विशिष्ट अतिथियों एवं आगंतुकों के समक्ष पहचान दिलाई, बल्कि जैसलमेर की सांस्कृतिक धरोहर को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। “आर्ट एंड क्राफ्ट बाजार” प्रदर्शनी स्थानीय शिल्पकारों के प्रोत्साहन, आत्मनिर्भरता एवं ओडीओपी उत्पादों के व्यापक प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुई।

 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like