GMCH STORIES

युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर मजबूत कदम

( Read 338 Times)

28 Feb 26
Share |
Print This Page
युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की ओर मजबूत कदम

      जैसलमेर । युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रोजगार उत्सव के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन शनिवार को नगरपरिषद सभागार, जैसलमेर में किया गया। इस अवसर पर 147 नव-नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र एवं वेलकम किट प्रदान कर उनके नए सफर की शुभकामनाएं दी गईं।

 

राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन अजमेर में आयोजित हुआ, जहां प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल श्री हरिभाऊ किसनराव बागड़े एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुए। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जैसलमेर में भी किया गया। राज्य भर में 16 हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया तथा 21 हजार 800 से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

 

जिला स्तरीय कार्यक्रम में समाजसेवी चन्द्रप्रकाश शारदा, सुशील कुमार व्यास, अरुण पुरोहित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में निरंतर लिए जा रहे दूरदर्शी निर्णयों से युवाओं के लिए रोजगार एवं स्व-रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं, जिससे प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

 

मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रश्मि रानी ने कहा कि युवाओं का सशक्तिकरण ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है। सरकार शिक्षा, स्टार्टअप, कौशल विकास एवं रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

      

       147 नव-नियुक्त कर्मचारियों को मिला सम्मान

 

कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर द्वारा विभिन्न विभागों में चयनित 147 कर्मचारियों को वेलकम किट एवं नियुक्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इनमें पशुपालन विभाग के 15, शिक्षा विभाग के 09, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 47, पंचायत राज विभाग के 47, राजस्व विभाग के 26 तथा कृषि, खान एवं भू-विज्ञान विभाग एवं लोक सैल्फ डिपार्टमेंट के 1-1 कार्मिक शामिल रहे।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सीएमएचओ डॉ. राजेन्द्र पालीवाल, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढा, जिला खेल अधिकारी राकेश विश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं एवं अभिभावकों के उत्साह ने कार्यक्रम को एक प्रेरणादायी उत्सव का रूप दे दिया।

रोजगार उत्सव ने जैसलमेर जिले में आशा, आत्मविश्वास और विकास की नई किरण प्रज्वलित की है, जो युवाओं को सशक्त भविष्य की ओर अग्रसर करेगी। कार्यक्रम का संचालन डीपीसी उमेश आचार्य ने किया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like