जैसलमेर । प्रशासनिक तंत्र में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सम का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया।
जिला कलक्टर जोरवाल ने चिकित्सा व्यवस्था, उपस्थित स्टाफ, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति तथा पंखे एवं कूलर की कार्यशीलता का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक बेहतर ढंग से सुदृढ़ किया जाए तथा मरीजों को समय पर आवश्यक दवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की लेबोरेट्री, ओपीडी एवं मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वार्ड में भर्ती मरीजों से संवाद करते हुए उन्होंने अस्पताल की सुविधाओं, उपचार व्यवस्था एवं स्टाफ के व्यवहार के संबंध में फीडबैक लिया।
जिला कलक्टर जोरवाल ने कहा कि चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी एवं सभी व्यवस्थाएं आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल कमियों को चिन्हित करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध रूप से सुधार कर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाना है।