GMCH STORIES

जिला स्तरीय जनसुनवाई तथा जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित

( Read 1688 Times)

21 May 26
Share |
Print This Page
जिला स्तरीय जनसुनवाई तथा जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित

          जैसलमेर । जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जब तक परिवादियों को समयबद्ध राहत एवं संतोषजनक जवाब नहीं मिलेगा, तब तक जनसुनवाई की वास्तविक सार्थकता सिद्ध नहीं होगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करें।

         जिला कलक्टर जोरवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को डीओआईटी सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित हुई। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्रकरणों पर सुनवाई करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से लेते हुए उसका गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी ऐसा कार्य तंत्र विकसित करें जिससे परिवादियों को उनके प्रकरणों पर स्पष्ट, संतोषजनक एवं समयबद्ध जवाब मिल सके।

     उन्होंने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण की संबंधित विभाग द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जाए एवं उसकी प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए। जिला कलक्टर ने कहा कि प्रकरणों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारी प्रकरणों का सही डिस्पोजल सुनिश्चित करें एवं गंभीर मामलों में प्राथमिकता से कार्यवाही करते हुए आमजन को राहत प्रदान करें।

जनसुनवाई में 85 परिवादों पर हुई सुनवाई

       जिला स्तरीय जनसुनवाई में पंचायत राज विभाग, राजस्व विभाग, नगर परिषद जैसलमेर, नगर पालिका पोकरण, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 85 परिवाद प्राप्त हुए।

       जनसुनवाई में अतिक्रमण, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, भूमि कब्जा, राजकीय भूमि पर अतिक्रमण, स्कूल खुलवाने, सड़क अवरोध हटाने, पेयजल आपूर्ति, विद्युत कनेक्शन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मार्ग खुलवाने, पशु खेली, कटान रास्ता खुलवाने, द्विव्यांग पेंशन, आधार कार्ड, आम रास्ता खुलवाने, एससी/एसटी सहायता राशि, अवैध खेती, टयूबवैल मरम्मत, डिग्गीयों का पेमेंट, बकाया यात्रा भत्ता, जल कनेक्शन, सीवेरज पानी की समस्या, लोहे का विधुत पोल हटवाने, संविदा कार्मिको का मानदेय दिलवाने, कृषि कनेक्शन बिल की गडबडी, मंगला पशु बीमा पॉलिसी, फर्जी पट्टा सहित विभिन्न प्रकरण सामने आए। जिला कलक्टर ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

जिला जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक में 31 प्रकरणों की समीक्षा

       जिला जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक में अवैध कब्जा हटाना, भूमि विवाद, विद्यालय को आंवटित खेल मैदान का नाम दर्ज करना, खातेदारी, तरमीन, कटान रास्ता खुलवाना, न्यायालय आदेश की पालना, फर्जी भुगतान उठाना, पानी की समस्या, कब्जा दिलवाना, पैमाईश, पेंशन स्वीकृति, बकाया वेतन दिलवाना, अतिक्रमण एवं अवैध खनन, सरकारी विद्यालय भूमि पर अतिक्रमण, अवैध कनेक्शन, पेयजल आपूर्ति, गलत रिपोर्ट पेश करना, मानसिक पेंशन शुरू करवाना, स्कूल गेट के मुख्य द्वार पर अतिक्रमण, सरकारी राशि का दुरूपयोग सहित कुल 31 प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ प्रकरणवार समीक्षा करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण करवाया तथा शेष मामलों के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

      बैठक में जिला कलक्टर ने संबंधित उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र पालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि सतर्कता समिति के प्रकरणों में की जा रही कार्यवाही की जानकारी परिवादियों को नियमित रूप से उपलब्ध करवाई जाए, ताकि प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।

ये रहे उपस्थित

       जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, उपखण्ड अधिकारी सक्षम गोयल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, यूआईटी सचिव सुखराम पिण्डेल, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक जे.आर. भाखर, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. उमेश वर्गटीवार, उपनिदेशक महिला अधिकारिता अशोक कुमार गोयल, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी कैलाश चंद मीणा, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, वन विभाग के एसीएफ डॉ. भंवर लाल चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like