GMCH STORIES

ईंधन बचत का संदेश देने साइकिल से ऑफिस पहुंचे अधिकारी

( Read 507 Times)

16 May 26
Share |
Print This Page

ईंधन बचत का संदेश देने साइकिल से ऑफिस पहुंचे अधिकारी

सिरोही। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा ईंधन एवं संसाधनों की बचत के आह्वान का असर अब प्रशासनिक स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। सिरोही जिला प्रशासन ने शुक्रवार को अनूठी पहल करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को साइकिल से कार्यालय पहुंचने के लिए प्रेरित किया।

जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की पहल पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी साइकिल से अपने-अपने कार्यालय पहुंचे। इस दौरान जिला कलेक्टर स्वयं भी साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे और पर्यावरण संरक्षण व ईंधन बचत का संदेश दिया।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद्र अग्रवाल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गोविंद चौधरी सहित कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी इस अभियान में भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत करना है, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करना है।

जिला कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि संभव हो तो छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल, पैदल चलना या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण भी कम होगा और स्वास्थ्य को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि संसाधनों का संतुलित उपयोग वर्तमान समय की आवश्यकता है और सभी नागरिकों को इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like