GMCH STORIES

श्रीगंगानगर के किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध और प्रयासरत है राजस्थान सरकार

( Read 474 Times)

26 Feb 26
Share |
Print This Page
श्रीगंगानगर के किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध और प्रयासरत है राजस्थान सरकार

श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में पंजाब में फिरोजपुर फीडर की 55 आरडी तक पुनर्निर्माण एवं पेचवर्क का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है, जिससे राजस्थान विशेषकर श्रीगंगानगर जिले के किसानों को बड़ा लाभ मिल सकेगा।
राज्य सरकार के सतत प्रयासों से बीकानेर नहर को अब फिरोजपुर फीडर से उपलब्धता के अनुसार सिंचाई के लिए पूरा पानी मिल सकेगा। इसका सीधा लाभ हजारों किसानों को मिलेगा और उनकी लगातार सिंचाई प्रभावित नहीं होगी। पूर्व में जर्जर हालत के कारण नहरों में लगभग 9 हजार क्यूसेक के आसपास ही पानी प्रवाहित हो पाता था। अब 55 आरडी तक पुनर्निर्माण तथा अन्य स्थानों पर क्षतिग्रस्त लाइनिंग के पेचवर्क का कार्य पूर्ण होने पर फीडर में निर्धारित बेंचमार्क के अनुरूप जल प्रवाह प्रारंभ किया जाएगा।
कार्य पूर्ण होने के बाद इस फीडर में लगभग 13 हजार 845 क्यूसेक पानी लेने की क्षमता विकसित हो जाएगी। वर्तमान में लगभग 5500 से 6000 क्यूसेक पानी 55 आरडी पर उपलब्ध हो सकेगा, जिससे पंजाब की ईस्टर्न फीडर के साथ-साथ राजस्थान की बीकानेर नहर को भी पर्याप्त जल मिलेगा। इसके अलावा आगामी वर्षों में पुलों और हैडों का पुनर्निर्माण एवं नीचे की लाइनिंग होने से भी सिंचाई पानी की उपलब्धता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध राजस्थान सरकार के लिए किसानों के हित सर्वोपरि हैं। राज्य सरकार द्वारा सिंचाई तंत्र के आधुनिकीकरण, नहरों की मरम्मत, लाइनिंग कार्यों की गति बढ़ाने तथा जल प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। श्रीगंगानगर जिले को ‘धान का कटोरा‘ कहा जाता है और यहां की कृषि अर्थव्यवस्था सिंचाई पर आधारित है। ऐसे में पानी की उपलब्धता बढ़ना किसानों की आय में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा न केवल सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, बल्कि किसानों को तकनीकी सहायता, फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि उपकरणों पर अनुदान और समय पर विद्युत आपूर्ति जैसी योजनाओं से भी लाभान्वित किया जा रहा है। जल संरक्षण और समुचित वितरण को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इन प्रयासों से श्रीगंगानगर जिले के हजारों किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि, लागत में कमी और आय में सुधार संभव होगा।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like