श्रीगंगानगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत श्रीगंगानगर जिले के समस्त लाभार्थी कृषकों को आधार सीडिंग, डीबीटी करवाना अनिवार्य है। जिले में अब तक 1,73,335 कृषकों द्वारा आधार सीडिंग, डीबीटी की प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है। शेष 7,153 कृषकों द्वारा यदि आधार सीडिंग, डीबीटी नहीं करवाई जाती है, तो उन्हें योजना की आगामी किश्तों का लाभ प्राप्त नहीं हो सकेगा।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बताया कि लाभार्थियों की सुविधा हेतु इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक श्रीगंगानगर द्वारा विभिन्न ब्लॉक्स में विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे। शिविरों में कृषक अपने आधार एवं बैंक खाते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लोकर डीबीटी प्रक्रिया पूर्ण करवा सकते हैं। अनूपगढ़ ब्लॉक में 26 फरवरी को, सूरतगढ़ ब्लॉक में 6 मार्च, रायसिंहनगर ब्लॉक में 11 मार्च, पदमपुर ब्लॉक में 17 मार्च, घडसाना ब्लॉक में 24 मार्च, सादुलशहर ब्लॉक में 30 मार्च, विजयनगर ब्लॉक में 8 अप्रैल, करणपुर ब्लॉक में 15 अप्रैल एवं गंगानगर ब्लॉक में 21 अप्रैल 2026 को विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे।
सभी पात्र कृषकों से अनुरोध है कि वे निर्धारित तिथि पर शिविर में उपस्थित होकर आधार सीडिंग, डीबीटी की प्रक्रिया पूर्ण करें एवं योजना का लाभ सुनिश्चित करें। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में ई-केवाईसी से लम्बित कृषक नजदीकी ई-मित्रा व सीएससी सेन्टर पर जाकर ई-केवाईसी करें ताकि उनकी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी किश्त आने में समस्या न हो।