GMCH STORIES

पदमपुर, रायसिंहनगर, विजयनगर दौरे पर रहे जिला कलक्टर

( Read 600 Times)

27 Apr 26
Share |
Print This Page
पदमपुर, रायसिंहनगर, विजयनगर दौरे पर रहे जिला कलक्टर

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव सोमवार को जिले के पदमपुर, रायसिंहनगर और विजयनगर उपखण्ड के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र, धानमंडी, बुड्ढाजोहड़ गुरूद्वारा, एसडीएम और तहसील सहित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्वास्थ्य केन्द्रों में रोगियों से बात कर चिकित्सा अधिकारियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुसार समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। धानमंडियों का निरीक्षण कर उन्होंने गेहूं खरीद प्रगति की समीक्षा की।
जिला कलक्टर द्वारा आज सुबह पदमपुर पहुंचकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया गया। यहां उन्होंने ओपीडी एवं वार्ड में उपचाराधीन रोगियों से संवाद किया। इसके पश्चात चिकित्सा अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार रोगियों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाये। इसके पश्चात जिला कलक्टर ने समर्थन मूल्य पर जारी गेहूं खरीद का अवलोकन करते हुए उठाव और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का भी जायजा लिया।
रायसिंहनगर में स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण करने के पश्चात जिला कलक्टर ने धरनार्थी आशा सहयोगिनियों से संवाद किया। निर्माणाधीन ट्रोमा सेन्टर का निरीक्षण कर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोगियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिये आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। इसके पश्चात जिला कलक्टर द्वारा ब्लाॅक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। इस अवसर पर एसडीएम श्री सुभाष चन्द्र, तहसीलदार हर्षिता मिढ्ढा, एएसपी श्री रामेश्वर लाल, डाॅ. तेजपाल शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
इस दौरान जिला कलक्टर द्वारा रायसिंहनगर स्थित बुड्ढाजोहड़ गुरूद्वारा का भी अवलोकन किया गया। यहां उन्होंने गुरूद्वारा में मत्था टेक कर आमजन की खुशहाली की कामना की। गुरूद्वारा पदाधिकारियों द्वारा सरोपा भेंट कर जिला कलक्टर का स्वागत किया गया। जिला कलक्टर ने यहां लंगर-प्रसाद ग्रहण कर हाॅल का अवलोकन किया।
दोपहर बाद श्रीविजयनगर धानमंडी पहुंचकर जिला कलक्टर द्वारा गेहूं खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने मंडी में अब तक हुई गेहूं खरीद प्रगति की जानकारी लेते हुए मंडी समिति अधिकारियों और खरीद एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इसके पश्चात उन्होंने एसडीएम और तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण करते हुए राहत दी जाये। इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती शकुंतला चैधरी सहित अन्य मौजूद रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like