श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डाॅ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरीशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत सरदारपुरा बीका, निरवाना, मानेवाला, सादकवाला सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं एमआरएम निरवाना में नशा मुक्ति जागरूकता वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस अभियान में 5 स्कूलों के 2000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ ली।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से श्री विक्रम ज्याणी ने उक्त कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिये जागरूक करते हुए बताया कि नशा कोई साधारण बुराई नहीं, बल्कि एक ऐसी साजिश है, जो सपनों को खत्म कर देती है। इसलिए लड़ाई किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ होनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने हाथ उठाकर यह संकल्प लिया कि हम अपने सपनों को चुनेंगे, नशे को नहीं। हम अपने माता-पिता की उम्मीदों को टूटने नहीं देंगे। हम खुद भी नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी बचाएंगे। वर्कशॉप ने केवल जानकारी ही नहीं दी, बल्कि युवाओं के मन में एक नई सोच, एक नई लड़ाई और एक नई जिम्मेदारी भी जगा दी। कार्यक्रम में मनोहर इंदलिया, धर्मपाल लेघा, डॉ. कस्वां, शमशेर बाबा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।