GMCH STORIES

“कॉफी विद ब्रांड एम्बेसडर” एवं अमृता ग्रैंड होटल उद्घाटन

( Read 271 Times)

19 Feb 26
Share |
Print This Page
“कॉफी विद ब्रांड एम्बेसडर” एवं अमृता ग्रैंड होटल उद्घाटन

उदयपुर। उदयपुर में आयोजित अमृता हाट मेले के दूसरे दिन बालिकाओं के लिए प्रेरणादायी कार्यक्रम “कॉफी विद ब्रांड एम्बेसडर” आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय जाने वाली एवं विद्यालय से बाहर की बालिकाओं ने भाग लिया और सफल महिलाओं से संवाद कर प्रेरणा प्राप्त की। इसी दौरान “महिला स्वयं सहायता समूह” द्वारा संचालित अमृता ग्रैंड होटल का शुभारंभ भी ब्रांड एम्बेसडर्स के करकमलों से किया गया।

ब्रांड एम्बेसडर युवा तैराक, शोधकर्ता एवं टीईडी स्पीकर गौरवी सिंघवी ने कहा कि “जब हम बड़े सपने देखते हैं, तभी बड़ी उपलब्धियाँ संभव होती हैं। समुद्र की लहरों ने मुझे सिखाया कि चुनौतियाँ चाहे जितनी बड़ी हों, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास से उन्हें पार किया जा सकता है। बेटियाँ सीमाओं को तोड़ सकती हैं, बस उन्हें खुद पर विश्वास रखना होगा। उन्होंने बालिकाओं को उच्च शिक्षा, वैश्विक अवसरों और सामाजिक नेतृत्व में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

राष्ट्रीय स्तर की पिस्टल शूटर पलक गुर्जर ने बालिकाओं से कहा कि “खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमें आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य पर केंद्रित रहना सिखाता है। हर बेटी अपने भीतर की शक्ति को पहचाने और शिक्षा व खेल के माध्यम से आगे बढ़े। उन्होंने आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष बल दिया।

नन्हीं स्पीड स्केटर लब्धि सुराना ने बालिकाओं को निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।

अमृता हाट मेले के अंतर्गत अमृता प्रीमियम लीग के तहत बालकों के लिए पारंपरिक खेल सितोलिया (लगोरी) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को पारंपरिक खेलों से जोड़ना, टीम भावना विकसित करना तथा शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना था। खेल के दौरान बच्चों में उत्साह, अनुशासन और सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

अमृता ग्रैंड होटल का उद्घाटन
मेले के अंतर्गत “श्याम श्याता समूह” द्वारा संचालित अमृता ग्रैंड होटल का उद्घाटन भी ब्रांड एम्बेसडर्स के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए गए, जिनकी सभी अतिथियों ने सराहना की। यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनके उत्पादों को व्यापक मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह की सदस्यों, बालिकाओं एवं गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, प्रेरणा और महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश देखने को मिला। अमृता हाट मेला न केवल महिला उद्यमिता को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा भी दे रहा है।

शुक्रवार को यह होंगे आयोजन
अमृता हाट के तीसरे दिन शुक्रवार को दोपहर में विभिन्न प्रकार के फ्रॉड पर जागरूकता कार्यक्रम, हिंसा के विरुद्ध शपथ, बेटी बचाओदृबेटी पढ़ाओ योजना पर विशेष सत्र होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत कलाकार कमलेश बामणिया एवं दल की ओर से कठपुतली प्रदर्शन किया जाएगा। सायंकालीन सत्र में एक मिनट शो, अमृता प्रीमियम लीग के तहत स्थानीय खेल गतिविधियाँ होंगी।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like