उदयपुर। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की ओर से शिल्पग्राम के दर्पण सभागार में शुक्रवार से थिएटर कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक फुरकान खान ने नाटक की विधा का विवेचन करते हुए बताया कि इस 27 मार्च तक चलने वाली कार्यशाला में थिएटर विशेषज्ञ एनएसडी, नई दिल्ली व एनसीजेडसीसी, प्रयागराज के पूर्व निदेशक प्रो. सुरेश शर्मा प्रशिक्षण दे रहे हैं। वर्कशाॅप में 33 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों का पूरी लगन और निष्ठा से प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया। केंद्र की ओर से उप निदेशक (प्रोग्राम) पवन अमरावत और सहायक निदेशक दुर्गेश चांदवानी ने प्रो. शर्मा का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
संगीत नाटक अकादमी अवार्ड से नवाजे जा चुके प्रो. शर्मा ने बताया कि वर्कशाॅप में अभिनय के साथ ही थिएटर से जुड़ी विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला का समापन 27 मार्च (विश्व रंगमंच दिवस) को प्रशिक्षण लेने वाले प्रतिभागियों द्वारा नाटक प्रस्तुति के साथ होगा।