GMCH STORIES

विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ दौड़ा उदयपुर

( Read 608 Times)

15 Mar 26
Share |
Print This Page
विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ दौड़ा उदयपुर

उदयपुर। राजस्थान स्थापना दिवस (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर मनाए जा रहे राजस्थान दिवस सप्ताह के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को जिला प्रशासन एवं उदयपुर विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में विकसित राजस्थान रन (मैराथन) का आयोजन फतहसागर की पाल पर हुआ। इसमें हजारों लोगों ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।

विकसित राजस्थान के सपने को साकार करने के संकल्प के साथ रविवार को फतहसागर की पाल पर उत्साह और ऊर्जा से भरपूर माहौल देखने को मिला। सुबह 6 बजे से ही फतहसागर की पाल पर टाया पैलेस के समीप मैराथन में भाग लेने के लिए युवाओं, खिलाड़ियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आमजन के एकत्र होने का क्रम शुरू हो गया। सभी राजकीय विभागों, निजी शिक्षण संस्थाओं, एनसीसी, स्काउट-गाइड, खेल संगठनों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलेक्टर नमित मेहता और यूडीए आयुक्त राहुल जैन सहित अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया।

इससे पूर्व संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रमानी ने कहा कि राजस्थान स्थापना दिवस सप्ताह के तहत ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और जनभागीदारी को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित प्रदेश की मजबूत नींव होते हैं और ऐसे कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सक्रिय जीवनशैली के प्रति प्रेरित करते हैं। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने कहा कि विकसित राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और ऐसे आयोजनों से जुड़े रहें। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने विकसित और समृद्ध राजस्थान के संकल्प के साथ दौड़ लगाते हुए उत्साह का परिचय दिया। मैराथन फतहसागर की पाल से शुरू होकर नीलकंठ महादेव मंदिर मार्ग होते हुए यूडीए सर्कल तक पहुंच कर संपन्न हुई।

इस अवसर पर एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, गिर्वा एसडीएम अवुला साइकृष्ण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विकसित राजस्थान के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like