GMCH STORIES

संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में हुई आरएनटी मेडिकल कॉलेज की आरएमआरएस बैठक

( Read 840 Times)

25 Apr 26
Share |
Print This Page
संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में हुई आरएनटी मेडिकल कॉलेज की आरएमआरएस बैठक

उदयपुर। रवींद्रनाथ टैगोर (आरएनटी) मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने और रोगियों की सुगमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिरकत की।

सांसद मद से मिलेंगी 6 नई वातानुकूलित एम्बुलेंस
बैठक के दौरान प्रधानाचार्य डॉ. राहुल जैन ने एक गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि वर्तमान में मरीजों को एक आरएनटी परिसर मे स्थित एक चिकित्सालय से दूसरे चिकित्सालय मे ले जाने के लिए स्ट्रेचर का उपयोग करना पड़ता है। इससे गर्मी और बरसात के मौसम में मरीजों को अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता है। मरीजों के हित में त्वरित निर्णय लेते हुए राज्यसभा सदस्य चुन्नी लाल गरासिया ने अपने सांसद मद से 3 वातानुकूलित मारुति ईको एम्बुलेंस देने की घोषणा की। लोकसभा सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने भी चिकित्सालय हित में 3 वातानुकूलित मारुति ईको एम्बुलेंस प्रदान करने की  स्वीकृति दी। इन कुल 6 एम्बुलेंसों की अनुमानित लागत लगभग 60 लाख रुपये है, जिससे अस्पताल परिसर के भीतर मरीजों का स्थानांतरण सुरक्षित और आरामदायक हो सकेगा।

विधायक मद और डीएमएफटी फंड से बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण
उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने चिकित्सालय में कैंसर और अन्य बीमारियों की जांच के लिए अत्याधुनिक साइटोलॉजी लैब स्थापित करने हेतु अपने विधायक मद से 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन परिस्थितों मे जैसे तेज अंधड़/तूफान/चक्रवात इत्यादि के समय बिजली कटौती के दौरान निर्बाध चिकित्सा सेवा सुनिश्चित करने के लिए  डीएमएफटी फंड से 2.6 करोड़ रुपये की लागत से तीन बड़े जनरेटर सेट खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे शीघ्र ही जिला कलेक्टर कार्यालय भिजवाया जाएगा।

आरएसएमएम को भेजे जाएंगे विकास के नए प्रस्ताव
बैठक में चिकित्सालयों की विभिन्न आवश्यकताओं के लिए  आरएसएमएम को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया, जिनमें मुख्य रूप से रक्तदान को बढ़ावा देने हेतु एक आधुनिक ब्लड डोनेशन  बस, हिरण मगरी सेटेलाईट चिकित्सालय के लिए सी.टी. स्कैन मशीन, कार्डियोलॉजी विभाग के लिए विशेष जनरेटर  सेट, ऑडिटोरियम हेतु अत्याधुनिक ऑडियो एवं माइक सिस्टम, आदि शामिल हैं। संभागीय आयुक्त सुश्री केवलरमानी ने सभी प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और चिकित्सालयों में स्वच्छता व मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखने के निर्देश प्रदान किए।

यह रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेंद्र सिंह, महाराणा भूपाल चिकित्सालय, सुपर स्पेशियलिटी, पन्नाधाय चिकित्सालय, टी.बी. चिकित्सालय (बड़ी), सेठ राम विलास भुवालका यक्ष्मा आरोग्य सदन, सेटेलाईट चिकित्सालय (हिरण मगरी) और सुंदर सिंह भंडारी जिला चिकित्सालय (अम्बामाता) के अधीक्षक एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ ही अन्य वरिष्ठ  अधिकारी उपस्थित रहे।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like