उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा राज्यभर में किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार हेतु “ग्राम रथ अभियान” चलाया जा रहा है। ग्लोबल राजस्थान एग्रोटेक मीट के मद्देनजर प्रारंभ इस अभियान का सोमवार को जयपुर में राज्य स्तरीय शुभारंभ हुआ। अगली कड़ी में जिला स्तरीय शुभारंभ मंगलवार सुबह 11 बजे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में सूचना केंद्र से होगा।
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में ग्राम रथ यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। नोडल अधिकारी जिला परिषद सीईओ विरमा राम ने बताया कि 15 दिवसीय अभियान के दौरान रथ विधानसभा वार निर्धारित रूट के अनुसार गांव-गांव भ्रमण करेंगे। इस दौरान एलईडी स्क्रीन युक्त मोबाइल वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रचार किया जाएगा। किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को सीधे लाभकारी जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री का संदेश और संवाद भी एलईडी के जरिए प्रसारित किया जाएगा। इस अभियान में कुल 13 विभाग सक्रिय रूप से शामिल होंगे, जिनमें कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग शामिल हैं। इन विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी ग्रामीणों में वितरित की जाएगी। ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को सीधे ग्रामीण अंचल तक पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़े।