*जोरावरपुरा में साधु-साध्वीवृंद के दर्शन कर 5 नवदीक्षित साध्वियों की बड़ी दीक्षा के बने साक्षी
*उदयपुर समता युवा संघ, उदयपुर की वर्ष 2026-28 हेतु गठित नवीन कार्यकारिणी ने रविवार को बीकानेर के समीप जोरावरपुरा (नोखा) पहुंचकर साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य प्रवर् पूज्य श्री रामेश जी म.सा. एवं उपाध्याय श्री राजेश मुनि जी म.सा. आदि ठाणा के दर्शन-वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समता युवा संघ, जैन समाज का एक प्रमुख धार्मिक युवा संगठन है जिसकी देशभर में 250 से अधिक इकाइयां कार्यरत हैं। उदयपुर इकाई इनमें से एक महत्वपूर्ण व वृहद इकाई मानी जाती है।
नियत प्रक्रिया के अनुसार उदयपुर इकाई की नवीन कार्यकारिणी का मनोनयन किया गया, जिसमें *अध्यक्ष - श्री प्रशांत कोठारी, मंत्री - श्री विकास रांका, कोषाध्यक्ष - श्री राकेश मेहता* सहित कुल 51 सदस्यों को दायित्व सौंपा गया।
नवीन कार्यकारिणी के सदस्यों ने सर्वप्रथम उदयपुर परिक्षेत्र में विराजित साध्वी श्री जी म.सा. के दर्शन कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। तत्पश्चात रविवार को सभी सदस्य जोरावरपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने पूज्य आचार्य श्री रामेश जी म.सा., उपाध्याय श्री राजेश मुनि जी म.सा. सहित बड़ी संख्या में विराजित साधु-साध्वीवृंद के दर्शन-वंदन का लाभ लिया।
इसी दिवस गत सप्ताह संपन्न हुई 5 मुमुक्षु बहनों की भागवती दीक्षा के उपरांत आयोजित 'बड़ी दीक्षा' समारोह के भी उदयपुर समता युवा संघ के सदस्य साक्षी बने। उल्लेखनीय है कि इन 5 नवदीक्षित साध्वियों में उदयपुर की युवती *साध्वी श्री रामकर्णिका श्री जी म.सा.* (पूर्व नाम कृति मेहता) भी शामिल हैं, जिन्होंने अल्पायु में संयम पथ अपनाकर पूरे समाज को प्रेरित किया है।
पूज्य आचार्य श्री के आशीर्वाद से कार्यकारिणी सेवा, संस्कार एवं युवा जागृति के कार्यों को नई गति देगी।