उदयपुर, गौवंश को सड़क दुर्घटनाओं एवं बीमारियों से बचाने की मांग को लेकर Animal Protection Society, Udaipur के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला कलेक्टर श्री गौरव अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।
संस्था की अध्यक्ष डॉ. माला मट्ठा ने बताया कि उदयपुर जिले के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के किनारे गौवंश हेतु चारा (रजका) बेचे जाने के कारण बड़ी संख्या में गौवंश सड़कों पर आ जाता है। इससे प्रतिदिन गौमाता एवं नंदी सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं तथा अनेक गौवंश की मृत्यु भी हो रही है। यह स्थिति पशु कल्याण के साथ-साथ आमजन एवं वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।
ज्ञापन में मांग की गई कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के किनारे गौवंश हेतु चारा (रजका) बेचने पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा ऐसे विक्रेताओं को वहां से हटाया जाए, जिससे गौवंश सड़कों पर न आए और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
साथ ही, संस्था ने मांग की कि शहर एवं राजमार्गों के आसपास फैले कचरे के ढेरों को तत्काल हटाया जाए तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे गौवंश भोजन की तलाश में प्लास्टिक, पॉलीथिन, कांच एवं अन्य नुकीली तथा हानिकारक वस्तुओं का सेवन न करे। इससे गौवंश को गंभीर बीमारियों, आंतरिक चोटों एवं असमय मृत्यु से बचाया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने की भी मांग की गई।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री गौरव अग्रवाल ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित करने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संस्था की अध्यक्ष डॉ. माला मट्ठा के साथ किरण भावसार भी उपस्थित रहीं।
संस्था ने प्रशासन से गौवंश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं एवं कचरे के कारण होने वाली गौवंश की मृत्यु तथा बीमारियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।