GMCH STORIES

गिट्स में ओरिएंटेशन प्रोग्राम–2026 का भव्य आयोजन, मांगनीराम अग्रवाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं ऑडिटोरियम का लोकार्पण

( Read 335 Times)

05 Aug 26
Share |
Print This Page
गिट्स में ओरिएंटेशन प्रोग्राम–2026 का भव्य आयोजन, मांगनीराम अग्रवाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं ऑडिटोरियम का लोकार्पण


उदयपुर। गीतांजली इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल स्टडीज (गिट्स), डबोक में शैक्षणिक सत्र 2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम–2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवनिर्मित ‘मांगनीराम अग्रवाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं ऑडिटोरियम’ का गीतांजली परिवार द्वारा सामूहिक रूप से लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, उपलब्ध संसाधनों, नवाचार गतिविधियों, तकनीकी सुविधाओं तथा छात्र जीवन से परिचित कराना था।

मुख्य अतिथि गीतांजली यूनिवर्सिटी के चेयरमैन श्री जे. पी. अग्रवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छोटी सफलता, बड़ी सफलता की सीढ़ी होती है और जीवन के प्रत्येक कार्य में उत्कृष्टता का लक्ष्य होना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा सलाहकार प्रो. के. सी. सोडानी ने कहा कि जीवन में अकेले आगे बढ़ने से कभी नहीं घबराना चाहिए। जिन लोगों में अकेले चलने का साहस होता है, उनके पीछे भविष्य में काफिले चलते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से किताबी ज्ञान के साथ निर्णय क्षमता, अनुशासन, नवाचार और व्यावहारिक कौशल विकसित करने का आह्वान किया।

संस्थान के निदेशक डॉ. एस. एम. प्रसन्ना कुमार ने कहा कि विद्यार्थी नए सपनों और आकांक्षाओं के साथ संस्थान में आए हैं तथा गिट्स उनके सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल टेक्नोलॉजी, कम्युनिकेशन स्किल, प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल और लीडरशिप क्वालिटी विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि संस्थान के विभिन्न सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, एआईसीटीई आइडिया लैब एवं एमएसएमई से जुड़ी सुविधाएं विद्यार्थियों में नवाचार, उद्यमिता और तकनीकी दक्षता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

एमबीए विभाग के निदेशक डॉ. पी. के. जैन ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि अब सभी विद्यार्थी गिट्स परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके सपनों को साकार करना संस्थान की भी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. विशाल जैन ने बताया कि कार्यक्रम में बी.टेक., एमबीए, एमसीए, एमटेक., बीसीए एवं बीबीए प्रथम वर्ष के 800 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

संस्थान के वित्त नियंत्रक श्री बी. एल. जांगिड़ ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अपने विचारों को प्रोजेक्ट एवं प्रोटोटाइप के रूप में विकसित कर सफल करियर बनाने के अवसर उपलब्ध कराना भी है।

कार्यक्रम के अंत में गीतांजली कॉलेज ऑफ साइंस एंड कॉमर्स की प्राचार्या डॉ. राधा चौधरी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंजलि धाबाई ने किया।

इस अवसर पर श्रीमती गीता अग्रवाल, गीतांजली ग्रुप के वाइस चेयरमैन श्री कपिल अग्रवाल, कनिका अग्रवाल, डायरेक्टर ऑपरेशंस श्री अंकित अग्रवाल, श्रुति अग्रवाल, संस्थान के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like